धनबाद: गोविंदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अमन सिंह गिरोह के सदस्य कुंदन मिर्धा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ज्ञात हो कि पिछले वर्ष 30 दिसंबर 2020 को रंगदारी को लेकर गोविंदपुर थाना अंतर्गत सिटी फ्यूल्स पेट्रोल पंप में अमन सिंह गिरोह के द्वारा गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस इस मामले में पूर्व में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। साथ ही अमन सिंह व सतीश साव उर्फ गांधी को इस कांड में रिमांड कर चुकी है। गिरफ्तार अभियुक्त कुंदन मिर्धा उक्त घटना में गोली चलाने का मुख्य आरोपी है। शनिवार को डीएसपी मुख्यालय -1 अमर कुमार पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उपरोक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में उपयोग किये गये मोबाइल के साथ एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। कुंदन मिर्धा (21) कालीमाटी मैथन ओपी क्षेत्र का रहनेवाला है। कुंदन का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। निरसा थाना , गोविंदपुर थाना और गलफरबाड़ी ओपी में इसके खिलाफ आपराधिक कांड दर्ज हैं।
previous post
