फुलवारीशरीफ, अजीत। राजधानी पटना के पटेल भवन स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सफेद रंग की निजी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पुलिस अधिकारियों की कई सरकारी गाड़ियों में पीछे से घुस गई. सबसे पहले कार ने पटना के सार्जेंट मेजर की स्कॉर्पियो में पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसका पिछला दाहिना चक्का ब्लास्ट कर गया और तेज धमाके की आवाज पूरे परिसर में गूंज उठी. धमाके के साथ एक के बाद एक तीन से चार वाहन आपस में टकरा गए. हादसे में कई सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि निजी कार का चालक भी घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब पश्चिमी इलाके की ओर से फ्लाईओवर से उतरकर पूर्व दिशा की ओर आ रही निजी कार अचानक अनियंत्रित हो गई. प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय गलती से एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार तेज रफ्तार में पटेल भवन के प्रवेश मार्ग की ओर बढ़ गई और सड़क किनारे कतार में खड़ी पुलिस अधिकारियों की गाड़ियों में जा घुसी।
सबसे पहले कार ने पटना के सार्जेंट मेजर की स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का पिछला बंपर पूरी तरह उखड़ गया. पिछले हिस्से का दाहिना चक्का ब्लास्ट हो गया. वाहन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद स्कॉर्पियो आगे खड़ी ट्रैफिक डीएसपी-1 की सरकारी गाड़ी से टकराई. फिर वह वाहन ट्रैफिक डीएसपी-5 की सरकारी गाड़ी से जा भिड़ा. इसके बाद पास में खड़ी एक पत्रकार की मोटरसाइकिल भी टक्कर की चपेट में आ गई. लगातार हुई टक्कर के कारण सभी वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए और पूरे इलाके में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।
दुर्घटना के बाद करीब 10 मिनट तक निजी कार का चालक वाहन के अंदर ही बैठा रहा. उसके नाक और मुंह में चोट लगी थी. वह रुमाल से अपना चेहरा ढके हुए था. दर्द के कारण वह बाहर नहीं निकल रहा था. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लगातार उसे बाहर आने के लिए कहते रहे, लेकिन वह कुछ देर तक कार के भीतर ही बैठा रहा।
धमाके की आवाज सुनते ही पटेल भवन में मौजूद पुलिसकर्मी और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. उस समय पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक चल रही थी. बैठक में शामिल अधिकारियों के सरकारी वाहन सड़क किनारे खड़े थे. अचानक हुई इस घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना के कारण बेली रोड पर कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए यातायात सामान्य कराया. सूचना मिलने पर शास्त्री नगर थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल चालक को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा. दुर्घटनाग्रस्त निजी कार को जब्त कर लिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोने अथवा ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दबाने की आशंका जताई जा रही है।
