पटना(अजित यादव): चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पटना (सीआईएमपी) के कांफ्रेंस हॉल में सीआईएमपी निदेशक, डॉ वी मुकुंदा दास और बिपार्ड के महानिदेशक, श्री आमिर सुभानी, भा०प्र०से० द्वारा आज दोपहर सीआईएमपी और बिपार्ड के बीच एम०ओ०यू० पर हस्ताक्षर किया गया। इस अवसर पर सीआईएमपी के मुख्य प्रशासनिक पदाधिकारी श्री राजीव रंजन, मुख्य संपर्क परामर्शी श्री कुमोद कुमार, बिपार्ड के संयुक्त निदेशक श्री राजेश कुमार और सहायक निदेशक श्री शुवेंदु रंजन, बीएएस उपस्थित थे।
यह एम०ओ०यू० सीआईएमपी और बिपार्ड को प्रबंधकीय कौशल विकास, नेतृत्व उत्कृष्टता, परिणाम आधारित प्रशिक्षण, अनुसंधान, परामर्श और अन्य संबद्ध शैक्षणिक गतिविधियों के क्षेत्रों में साथ लाता है।
इस समझौते के प्रावधानों के तहत, सीआईएमपी राज्य सरकार के अधिकारियों के प्रबंधन कौशल, ज्ञान और प्रशासनिक कौशल को उन्नत करने के लिए प्रबंधन और संबद्ध क्षेत्रों पर प्रशिक्षण और/या कार्यशाला का आयोजन करेगा। सीआईएमपी के छात्रों, विद्वानों और शोधकर्ताओं के लिए बिपार्ड आवश्यकतानुसार इंटर्नशिप और/या प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान करेगा। सीआईएमपी और बिपार्ड, आपसी सहमति से, नई पहल, परियोजनाएं और उद्यम शुरू करेंगे, जैसा कि नियत समय में आवश्यक महसूस किया जा सकता है।
