फुलवारीशरीफ, अजीत। महावीर कैंसर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र, पटना में अत्याधुनिक सैंगर सीक्वेंसिंग लैब का उद्घाटन किया गया. एचबीसीएचआरसी, मुजफ्फरपुर के निदेशक डॉ. कुमार प्रभास ने दीप प्रज्ज्वलित कर लैब का शुभारंभ किया. इस अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के चीफ रीजनल मैनेजर राजीव गुप्ता ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया. श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
लैब के उद्घाटन के बाद “प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी के दौर में सैंगर सीक्वेंसिंग की क्लिनिकल उपयोगिता” विषय पर सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों और शोध संस्थानों से आए चिकित्सकों, कैंसर विशेषज्ञों, पैथोलॉजिस्ट तथा शोधकर्ताओं ने भाग लिया।
विशेषज्ञों ने बताया कि सैंगर सीक्वेंसिंग तकनीक कैंसर से जुड़े जीन संबंधी परिवर्तनों की सटीक पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इस तकनीक के माध्यम से मरीजों को उनकी बीमारी के अनुरूप प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी आधारित व्यक्तिगत उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे उपचार की गुणवत्ता और सफलता की संभावना बढ़ेगी।
संस्थान के चिकित्सकों ने बताया कि इस अत्याधुनिक लैब की स्थापना से बिहार सहित पूर्वी भारत के कैंसर मरीजों को आधुनिक जीन परीक्षण की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी. इससे जांच में लगने वाला समय कम होगा और मरीजों को अधिक सटीक, प्रभावी तथा समय पर उपचार का लाभ मिल सकेगा. साथ ही कैंसर अनुसंधान को भी नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में डॉ. कुमार प्रभास, डॉ. मनीषा, डॉ. एल. बी. सिंह, डॉ. बी. सन्याल, राजीव गुप्ता, सायन कुणाल सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक, वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
