फुलवारीशरीफ, अजीत। रामकृष्णानगर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से दो देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को दिवा गश्ती के दौरान एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए रामकृष्णानगर थाना लाया गया. पूछताछ में उसने अपनी पहचान खेमनीचक निवासी प्रकाश कुमार सिन्हा के रूप में बताई. उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान अवैध आग्नेयास्त्र की तस्वीर मिली. इसके बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि हथियार उसके दोस्त का है।
प्रकाश कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने भूतनाथ मुसहरी में छापेमारी की. इस दौरान दीपक कुमार उर्फ भैरव को गिरफ्तार किया गया. तलाशी में उसके पास से दो देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. गिरफ्तार दीपक कुमार उर्फ भैरव मूल रूप से खेमनीचक का रहने वाला है और वर्तमान में अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ मुसहरी टोला में किराये के मकान में रह रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. साथ ही उनके आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की बरामदगी और अपराध नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने बताया कि संदिग्ध के मोबाइल में हथियार की तस्वीर मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसमें दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी हुई। इस कार्रवाई में रामकृष्णानगर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक मिथुन कुमार, अरविंद कुमार सिंह, प्रियंका अनंत, सहायक अवर निरीक्षक अविनाश कुमार, धनंजय कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
