धनबाद(न्यूज़ क्राइम 24): पशु प्रेमी अपने पोसुए पशुओं के साथ किसी भी तरह का अत्याचार बर्दाश्त करने के मूड में कतई नहीं है. धनबाद के इतिहास में पहली बार बिल्ली को जान से मारने और दूसरी बिल्ली को चोटिल करने का मामला धनबाद थाने में दर्ज हुआ है. इसके पहले भी झरिया थाने में कुत्ता को मारकर घायल करने का मामला दर्ज हुआ था. एक युवती ने कुत्ते को मारने का आरोप वहीं के रहने वाले एक व्यक्ति पर लगाया था. पुलिस ने इस मामले की जांच की थी.
जयप्रकाश नगर की रहने वाली प्रियंका गुप्ता ने की है शिकायत :
अभी धनबाद थाने में जयप्रकाश नगर की रहने वाली कमलेश कुमार की बेटी प्रियंका गुप्ता ने आवेदन देकर शिकायत की है कि 12 फरवरी को मेरी पालतू बिल्ली की कमर की हड्डी क्रूरता पूर्वक मारकर तोड़ दिया गया. इसका इलाज धनबाद से रांची तक करवाई और इसके ठीक तीन दिन बाद 15 फरवरी को दूसरी बिल्ली को जान से मार दिया गया. प्रियंका गुप्ता का कहना है कि पूरा मामला सीसीटीवी में कैद है. उसने इस करतूत का शक वही के गार्ड पर जाहिर किया है.टाइगर जवानो ने की है शिकायत की जाँच।शिकायत मिलने के बाद धनबाद थाने के टाइगर जवान प्रियंका गुप्ता के फ्लैट में पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि गार्ड डंडा लेकर किसी को मारने जा रहा है. प्रियंका गुप्ता अपने पिता के साथ भूपेंद्र सिंह अपार्टमेंट के दूसरे तल पर रहती है. बता दें कि धनबाद में पशु अत्याचार के खिलाफ लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और लोग अपने अधिकार के प्रति सचेत दिख रहे है. बाहरहाल इस मामले की जांच धनबाद थाने की पुलिस कर रही है. देखना है कि प्रियंका ने जो शक गार्ड पर जाहिर किया है ,वह सच है या किसी दूसरे व्यक्ति ने प्रियंका के पालतू बिल्ली की कमर तोड़ी है और दूसरी बिल्ली की हत्या की है.
पांच सालो से जानवरों की सेवा कर रही है प्रियंका गुप्ता :
पालतू पशुओं से प्रेम करने व उसकी देखभाल करने में धनबाद की महिलाएं आगे है। झरिया व धनबाद में कई परिवार स्ट्रीट डॉग व लावारिश जानवरों की सेवा तन मन धन से कर रहीं है। जयप्रकाश नगर की प्रियंका गुप्ता ने बताया कि वह 5 सालों से स्ट्रीट डॉग की सेवा कर रही है. घर में आधा दर्जन बिल्लियां और दो कुत्ते पाल राखी है. सड़क के कुत्तों का वह इलाज कराती हैं हालांकि फ्लैट में कुत्ते ,बिल्लियों को ले आने पर गार्ड काफी विरोध करता है बावजूद वह इनकी सेवा करती है और करती रहेगी. प्रियंका गुप्ता का कहना है कि जिस तरह इंसान को जीने का अधिकार है ,उसी तरह जानवरों को भी अधिकार मिला हुआ है. इनकी सेवा करना मानवता है और मैं इनकी सेवा करती रहूंगी. उन्होंने अपने प्राथमिकी के संबंध में कहा कि पुलिस पर भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि बिल्ली की जान किसने ली, इसका पता पुलिस लगा लेगी.
