बिहार

गन्ना किसानों के KCC संबंधी मामलों के समाधान के लिए बिहार सरकार की पहल : किसानों के हित में केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार सरकार ने रीगा चीनी मिल क्षेत्र के गन्ना किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड ( KCC) से संबंधित मामलों में राहत एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर बैंक ऑफ इंडिया एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से किसानों के KCC संबंधी मामलों के शीघ्र समाधान का अनुरोध किया है।

पत्र के माध्यम से गन्ना उद्योग मंत्री ने अवगत कराया है कि रीगा चीनी मिल क्षेत्र के अनेक किसान KCC ऋण से जुड़े बैंकिंग मामलों के कारण कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। इन प्रकरणों के चलते कुछ किसानों के बैंक खाते फ्रीज होने तथा CIBIL स्कोर प्रभावित होने की स्थिति सामने आई है। इसका प्रभाव किसानों की बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं पर पड़ रहा है। बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बैंकिंग सेवाओं एवं ऋण सुविधाओं का सुगम लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा इस विषय को प्राथमिकता के साथ उठाया गया है।

रीगा चीनी मिल से संबंधित बैठकों में KCC ऋण से जुड़े प्रकरणों पर प्रमुखता से विचार-विमर्श किया गया है। साथ ही, किसानों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैंक ऑफ इंडिया एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ लगातार पत्राचार एवं समन्वय किया जा रहा है।

गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार ने केंद्रीय वित्त मंत्री से आग्रह किया है कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए संबंधित बैंकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि रीगा चीनी मिल क्षेत्र के किसानों के KCC से जुड़े लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके तथा उन्हें बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं का सुगम लाभ प्राप्त हो। मंत्री संजय कुमार ने कहा कि ’बिहार सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनके आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं का सहज और सुगम लाभ मिले, इसके लिए राज्य सरकार केंद्र सरकार एवं संबंधित बैंकों के साथ समन्वय करते हुए हरसंभव पहल कर रही है।

Related posts

चिराग पासवान को धमकी देने वाले आतंकियों की अविलंब हो गिरफ्तारी और मिले कठोर से कठोर सजा : राजेश भट्ट

बाढ़ को लेकर अलर्ट शेखपुरा डीएम ने घाटकुसुम्भा के संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण

जल-जीवन-हरियाली अभियान की समीक्षा, अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश

error: