फुलवारीशरीफ, अजीत। दीपावली के अवसर पर सोना गोपालपुर में मां काली पूजा की भव्य तैयारियां चल रही हैं. इस बार यहां थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक स्थित विश्व प्रसिद्ध वाट अरुण मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पूजा पंडाल बनाया जा रहा है. पंडाल की भव्यता और कलात्मक सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगी. सात नवंबर की मध्यरात्रि में मां काली का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा. इसके साथ ही सात से 16 नवंबर तक दस दिवसीय मेले का आयोजन होगा।
मेले के दौरान पटना समेत बिहार के विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों से आए कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे. लगातार दस दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन के विविध आयोजन होंगे. नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद की ओर से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं. परिसर और आसपास साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल के लिए पानी की टंकी, अग्निशमन दस्ता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. 17 नवंबर को मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। पूजा समिति के अध्यक्ष पवन कुमार यादव ने बताया कि सोना गोपालपुर में वर्ष 2017 से लगातार मां काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है. हर साल पूजा को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाता है. इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने बताया कि पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी सत्येंद्र टेंट हाउस को दी गई है. बंगाल से आए 25 से अधिक कारीगरों ने बांस से पंडाल का ढांचा तैयार किया है।
