फुलवारीशरीफ, अजीत। प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, फुलवारी शरीफ में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की गई. इसमें बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके संस्कार, आत्मविश्वास और अच्छे व्यवहार को लेकर अभिभावकों और शिक्षकों ने चर्चा की. संगोष्ठी की मुख्य थीम ‘संस्कार दीप, आत्मविश्वास एवं व्यवहार’ रखी गई थी.
इस मौके पर शिक्षिका नीतू शाही ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का भविष्य केवल अच्छी शिक्षा से ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक व्यवहार से भी बनता है. बचपन में बच्चों को जो सीख मिलती है, उसका असर उनके पूरे जीवन पर पड़ता है.
उन्होंने कहा कि बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए जरूरी है कि अभिभावक उनकी बातों को ध्यान से सुनें, उनकी छोटी-छोटी उपलब्धियों पर प्रोत्साहित करें और उनकी प्रतिभा को पहचानें. बच्चों पर अपनी बात थोपने के बजाय उन्हें अपनी बात रखने का मौका देना चाहिए। संगोष्ठी में अभिभावकों से अपील की गई कि वे घर में बच्चों को अच्छे संस्कार दें और उनके व्यवहार पर ध्यान रखें. शिक्षकों और अभिभावकों के आपसी सहयोग से ही बच्चों का बेहतर व्यक्तित्व तैयार हो सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर तालमेल बनाकर बच्चों को संस्कारी, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा।
