फुलवारीशरीफ, अजीत। विदेशी संपत्तियों की जानकारी आयकर रिटर्न में नहीं देने वाले करदाताओं को अपनी गलती सुधारने का एक और अवसर मिलेगा. इसके लिए आयकर विभाग की ओर से फॉरेन एसेट्स ऑफ स्मॉल टैक्सपेयर्स डिस्क्लोजर स्कीम 2026 लागू की गई है. इस योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को एम्स पटना में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें संस्थान के डॉक्टरों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों को योजना के प्रावधानों की जानकारी दी गई.
आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कई बार करदाता अपनी विदेशी संपत्तियों का उल्लेख आयकर रिटर्न में नहीं कर पाते हैं. ऐसे करदाताओं को इस योजना के तहत एक बार अपनी छूटी हुई विदेशी संपत्तियों का खुलासा करने का अवसर दिया गया है. योजना की अवधि 16 अगस्त 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है. इस दौरान पात्र करदाता योजना के प्रावधानों के अनुसार अपनी विदेशी संपत्तियों की जानकारी आयकर विभाग को दे सकते हैं.
कार्यक्रम में अधिकारियों ने विदेशी संपत्तियों का सही और पारदर्शी तरीके से खुलासा करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि आयकर नियमों का पालन करना प्रत्येक करदाता की जिम्मेदारी है. वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने और भविष्य में कर संबंधी परेशानियों से बचने के लिए निर्धारित समय के भीतर सही जानकारी देना जरूरी है.
आयकर विभाग की ओर से अनन्या सिन्हा, संयुक्त आयकर निदेशक, विदेशी संपत्ति जांच, पटना; प्रिंस बाबू मिश्रा, सहायक आयकर निदेशक; अंगद कुमार, सहायक आयकर निदेशक; अजय कुमार बट्ट, प्रशासनिक अधिकारी; राकेश, आयकर अधिकारी सहित पांच आयकर निरीक्षक मौजूद रहे.
एम्स पटना की ओर से उप निदेशक (प्रशासन) नीलोत्पल बल, डीन अकादमिक प्रो. पूनम प्रसाद भदानी, डीन छात्र कल्याण प्रो. रुचि सिन्हा, डीन परीक्षा प्रो. मनोज कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजकुमार जालान और वित्त अधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के डॉक्टरों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभागियों के सवालों और जिज्ञासाओं पर भी जानकारी दी. इस पहल का उद्देश्य करदाताओं को स्वेच्छा से सही जानकारी देने के लिए प्रोत्साहित करना और वित्तीय पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।
