बिहार

दीपावली और छठ को लेकर फुलवारी थाने में शांति समिति की बैठक, सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

फुलवारीशरीफ, अजीत। दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को फुलवारी शरीफ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष आफताब आलम ने की. इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों, पुलिस पदाधिकारियों और शहर के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया. बैठक में दोनों प्रमुख त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपसी समन्वय और नगर परिषद की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.

बैठक को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष आफताब आलम ने कहा कि फुलवारी शरीफ वर्षों से हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है. यहां दोनों समुदायों के लोग एक-दूसरे के सहयोग और सहभागिता से सभी पर्व-त्योहार मनाते आ रहे हैं. इस वर्ष भी दोनों समुदायों के लोग मिल-जुलकर दीपावली और छठ पूजा मनाने के लिए तैयार हैं.

उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि त्योहारों के दौरान आपसी प्रेम, शांति और भाईचारा बनाए रखें. किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और मिल-जुलकर पर्व की खुशियां बांटें। नगर परिषद अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष फुलवारी शरीफ के शहरी और ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर दीपावली और छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है. इसे देखते हुए नगर परिषद की ओर से साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है. पहले से चली आ रही व्यवस्थाओं को भी बरकरार रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। बैठक में थाना प्रभारी, वार्ड पार्षदों समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने दोनों त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।

Related posts

बैंकॉक के वाट अरुण मंदिर की तर्ज पर बना मां काली का भव्य पंडाल, 10 दिनों तक सजेगी सांस्कृतिक महफिल

स्मैक तस्करों को 11 लाख रुपये लेकर छोड़ने के मामले में एक सिपाही गिरफ्तार, सात पुलिसकर्मी फरार

जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर कुमुदिनी विद्यालय में मनी दिवाली