बिहार

स्मैक तस्करों को 11 लाख रुपये लेकर छोड़ने के मामले में एक सिपाही गिरफ्तार, सात पुलिसकर्मी फरार

फुलवारीशरीफ, अजीत। स्मैक तस्करों को 11 लाख रुपये लेकर छोड़ने के मामले में पुलिस महकमे में कार्रवाई तेज हो गई है. गुरुवार को फुलवारी शरीफ थाने के एक सिपाही आनंद राज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. वहीं, मामले में आरोपित सात अन्य पुलिसकर्मी फरार बताए जा रहे हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है. इसके अलावा इस मामले में आकिब खान को पहले ही जेल भेजा जा चुका है. गुरुवार को आफताब शाहबाज और परवेज को भी जेल भेजा गया है.

फुलवारी शरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 नारायण उपाध्याय ने बताया कि आरक्षी आनंद राज को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अन्य आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम छापेमारी कर रही है।

दरअसल, 26 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर फुलवारी शरीफ पुलिस ने नया टोला पठान टोली, वार्ड संख्या 24 में छापेमारी की थी. इस दौरान पुलिस ने आकिब खान उर्फ मोहम्मद साकिब खान (32) को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था. इस मामले में फुलवारी शरीफ थाना कांड संख्या 1867/26 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

जांच के दौरान पुलिस की कार्रवाई में गंभीर अनियमितता सामने आयी. पता चला कि छापेमारी के दौरान मोहम्मद आफताब आलम और मोहम्मद एहसान को भी पकड़कर थाने लाया गया था, लेकिन दोनों के नाम प्राथमिकी में शामिल नहीं किए गए. आरोप है कि पुलिस टीम के कुछ सदस्यों ने दोनों को करीब 11 लाख रुपये लेकर छोड़ दिया. इतना ही नहीं, पूरे मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को भी नहीं दी गयी।

मामला संज्ञान में आने के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक, फुलवारी शरीफ से इसकी जांच करायी गयी. जांच में प्रथम दृष्टया आठ पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आने के बाद सभी के खिलाफ फुलवारी शरीफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी. आरोपितों में सहायक थाना प्रभारी दिवाकर प्रसाद के अलावा नारद मुनि सिंह, रितेश कुमार, आकाश कुमार, पवन कुमार, साबिर आलम, आनंद राज और शुभम कुमार शामिल हैं. इनमें आनंद राज की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष सात पुलिसकर्मियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Related posts

बैंकॉक के वाट अरुण मंदिर की तर्ज पर बना मां काली का भव्य पंडाल, 10 दिनों तक सजेगी सांस्कृतिक महफिल

दीपावली और छठ को लेकर फुलवारी थाने में शांति समिति की बैठक, सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर कुमुदिनी विद्यालय में मनी दिवाली