बिहार

जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर कुमुदिनी विद्यालय में मनी दिवाली

फुलवारीशरीफ, अजीत। कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार को ‘सबकी खुशियों वाली दिवाली’ उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इसी के साथ दो नवंबर से चल रहे दिवाली कार्निवाल का समापन हुआ. विद्यालय परिसर को रंगोली, दीयों और रंग-बिरंगे कंदीलों से सजाया गया था.

कार्निवाल के दौरान रंगोली, दीया सजावट, कंदील निर्माण और घरौंदा सजाओ प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई. कार्यक्रम का खास आकर्षण आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के बीच मिठाई, कपड़े और उपहार का वितरण रहा. कुमुदिनी एजुकेशनल कम चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से विद्यालय के बच्चों के हाथों जरूरतमंद बच्चों को उपहार दिलवाए गए. इस पहल के माध्यम से बच्चों को खुशियां बांटने और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया गया.

ट्रस्ट की चेयरपर्सन सह प्रबंध निदेशक उषा कुमारी ने कहा कि दिवाली का असली अर्थ दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाना है. बच्चों में शिक्षा के साथ संस्कार और संवेदनशीलता विकसित करना ट्रस्ट का उद्देश्य है। विद्यालय की प्राचार्या अंकिता कुमारी ने कहा कि कार्निवाल के माध्यम से बच्चों ने कला, प्रबंधन, रचनात्मकता और मानवता का पाठ सीखा. विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को अच्छे अंक के साथ अच्छा इंसान बनाना भी है। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया।

Related posts

बैंकॉक के वाट अरुण मंदिर की तर्ज पर बना मां काली का भव्य पंडाल, 10 दिनों तक सजेगी सांस्कृतिक महफिल

दीपावली और छठ को लेकर फुलवारी थाने में शांति समिति की बैठक, सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

स्मैक तस्करों को 11 लाख रुपये लेकर छोड़ने के मामले में एक सिपाही गिरफ्तार, सात पुलिसकर्मी फरार