रामपुर, अवनीत कुमार शर्मा : श्री महामाया ट्रस्ट की ओर से माई के थान स्थित मां दुर्गा मंदिर में सप्तमी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे माता रानी का दरबार अलौकिक छटा बिखेरता नजर आया। मंदिर में मां दुर्गा के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर दिखाई दिए।
कार्यक्रम के दौरान माता रानी के श्रीचरणों में छप्पन भोग अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात बरेली से आए कलाकारों द्वारा माता रानी का भव्य जागरण एवं कीर्तन आयोजित किया गया। भक्तिमय भजनों की मधुर धुनों और माता रानी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु माता के भजनों पर भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए और सभी ने माता रानी के दरबार में अपनी हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
इस धार्मिक आयोजन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान श्रद्धा, सेवा और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। इनकी रही उपस्थिति इस अवसर पर सुनील अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, उमेश यादव, दिनेश यादव, हरिओम यादव, अवनीत कुमार शर्मा, कहर सिंह फौजी, अश्वनी त्यागी बंटू सहित अन्य श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।
