बिहार

फुलकाहा में नशे के कारोबार पर पुलिस-SSB का बड़ा प्रहार, 122 किलो 5.50 ग्राम गांजा बरामद; एक तस्कर गिरफ्तार!

अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ फुलकाहा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। संयुक्त अभियान में मानिकपुर गांव के बलुआही धार के समीप से 122 किलो 550 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त अपाचे बाइक (BR-38-AG-3910) भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त बाइक प्रथम दृष्टया चोरी की प्रतीत हो रही है। इस बड़ी कार्रवाई से सीमावर्ती इलाके में सक्रिय तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवाबगंज पंचायत के वार्ड संख्या-7 अंतर्गत कोशिकापुर निवासी मोहम्मद आजाद, पिता मोहम्मद शफीद मियां के रूप में हुई है।

मामले को लेकर देर शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि फुलकाहा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति नेपाल से मादक पदार्थों की तस्करी कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद मानिकपुर गांव के रास्ते गांजे की खेप दूसरी जगह पहुंचाने की तैयारी में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य पुलिस बल और फुलकाहा एसएसबी जवानों के साथ बताए गए स्थल पर पहुंचे और घेराबंदी कर 122 किलो 550 ग्राम गांजे के साथ मोहम्मद आजाद को गिरफ्तार कर लिया। मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अपाचे बाइक भी जब्त कर ली गई। इस दौरान एसएसबी मुख्यालय डिप्टी कमांडेंट रविकांत चौधरी, सहायक सेनानायक आशीष गुप्ता,

चोरी की बाइक से हो रही थी तस्करी!

एसडीपीओ के अनुसार, जब्त अपाचे बाइक प्रथम दृष्टया चोरी की प्रतीत हो रही है। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसकी पड़ताल कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि बाइक कहां से चोरी हुई थी और तस्करी के इस धंधे में इसका इस्तेमाल कब से किया जा रहा था। हालांकि, बाइक के चोरी होने की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। इस अभियान में SSB सब इंस्पेक्टर अतानु डुलाई तथा फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य पुलिस एवं SSB जवानों के साथ मौजूद रहे।

नेपाल से लेकर भारतीय ठिकानों तक खंगाला जाएगा तस्करी का नेटवर्क

सीमावर्ती इलाके में एक साथ 122 किलो 5.50 ग्राम गांजे की बरामदगी ने मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क की आशंका को बल दिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गांजे की खेप के स्रोत, नेपाल से इसे लाने वाले लोगों और भारतीय क्षेत्र में इसकी आपूर्ति किए जाने वाले संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। अब जांच का केंद्र यह भी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। पुलिस की इस कार्रवाई को सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related posts

टीबी का इलाज पूरा होने के बाद भी हर चार में से तीन मरीजों को सांस संबंधी परेशानी : एम्स पटना का अध्ययन

छपरा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने नवप्रवेशित छात्रों का बढ़ाया उत्साह

महावीर मन्दिर में आज मनायी जाएगी देवोत्थान एकादशी