अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) बथनाहा की आई समवाय फुलकाहा एवं बिहार उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने आधी रात को बड़ी कार्रवाई करते हुए 324 लीटर नेपाली शराब बरामद की। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे SSB को आसूचना/SOG के माध्यम से गुप्त सूचना मिली कि फुलकाहा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में पटुआ के कचरे के नीचे शराब की खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए SSB ने तत्काल उत्पाद विभाग को अवगत कराया। इसके बाद दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने रणनीति बनाकर विशेष गश्ती एवं तलाशी अभियान शुरू किया।
संयुक्त टीम जब लक्ष्मीपुर गांव पहुंची और संदिग्ध स्थान पर सघन तलाशी ली तो पटुआ के कचरे के नीचे छिपाकर रखी गई नेपाली शराब की बड़ी खेप देखकर अधिकारी भी सतर्क हो गए। तलाशी के दौरान दिलवाले ब्रांड की 300 एमएल की कुल 1080 बोतलें बरामद की गईं, जिसकी कुल मात्रा 324 लीटर आंकी गई।
इस संबंध में बीओपी प्रभारी इंस्पेक्टर अतानु डुलाई ने बताया कि बरामद शराब नेपाल से भारतीय क्षेत्र में तस्करी कर लाई गई थी। शराब छिपाकर रखने का स्थान सीमा स्तंभ संख्या 187 से करीब दो किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में स्थित है। मौके पर ही जब्ती सूची तैयार कर शराब को जब्त किया गया। आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बरामद शराब उत्पाद विभाग, अररिया को सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम की इस आधी रात की कार्रवाई से सीमावर्ती इलाके में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। वहीं, तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान और उनकी धरपकड़ को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
