बिहार

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारी को लेकर पहुँचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

बिहार सरकार और तख्त साहिब प्रबंधक कमेटी मिलकर भव्य स्तर पर मनाएंगे प्रकाश पर्व, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक में बनी आयोजन की रूपरेखा

तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज तख्त श्री पटना साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने प्रकाश पर्व के आयोजन को लेकर तख्त साहिब की प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।बैठक में बिहार सरकार के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), विभिन्न विभागों के सचिवों सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी की ओर से अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही, महासचिव सरदार इंदरजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार लखविंदर सिंह, उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह, सचिव सरदार हरबंस सिंह, सरदार महेंद्रपाल सिंह ढिल्लों सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में सभी अधिकारियों और कमेटी के पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे कि किस प्रकार 360वें प्रकाश पर्व को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाए। इस दौरान 350वें प्रकाश पर्व के सफल और यादगार आयोजनों को भी आधार बनाते हुए चर्चा की गई कि उसी तरह 360वें प्रकाश पर्व को भी देश-विदेश की संगत के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव कैसे बनाया जा सकता है।

बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तख्त साहिब में माथा टेककर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और पवित्र गुरबाणी कीर्तन श्रवण किया। इस अवसर पर तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने मुख्यमंत्री को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही, महासचिव सरदार इंदरजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक बेहद सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रकाश पर्व को भव्य और यादगार बनाने के लिए गंभीरता से सभी सुझाव सुने और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग को लेकर चर्चा की।

कमेटी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि बिहार सरकार, प्रशासन और देश-विदेश से पहुंचने वाली संगत के सहयोग से 360वें प्रकाश पर्व को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। प्रबंधक कमेटी का प्रयास रहेगा कि यह आयोजन भी 350वें प्रकाश पर्व की तरह अपनी भव्यता, व्यवस्थाओं और ऐतिहासिक यादों के कारण लंबे समय तक याद रखा जाए।

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की पावन जन्मस्थली पटना साहिब में होने वाला यह आयोजन न केवल सिख संगत के लिए बल्कि बिहार की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान के लिए भी विशेष महत्व रखता है।

Related posts

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संदेश लेकर छात्राओं के बीच पहुंचा पावरग्रिड

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संदेश लेकर छात्राओं के बीच पहुंचा पावरग्रिड

हनुमान जयंती : महावीर मंदिर में कलश स्थापना के साथ श्रीराम चरित मानस नवाह पाठ की हुई शुरूआत