बिहार

चिकित्सा उपकरणों के मानकीकरण से मजबूत होगी मरीजों की सुरक्षा

फुलवारीशरीफ, अजीत। मरीजों को सुरक्षित और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में चिकित्सा उपकरणों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता अहम भूमिका निभाती है. चिकित्सा उपकरणों के लिए मजबूत गुणवत्ता मानक, प्रभावी सुरक्षा निगरानी और स्वास्थ्य संस्थानों व मानक निर्धारण करने वाली संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय से मरीजों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है. यह बातें बुधवार को एम्स पटना और भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने कहीं।

एम्स पटना में ‘चिकित्सा उपकरणों के मानकीकरण के माध्यम से मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में चिकित्सा उपकरणों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, राष्ट्रीय गुणवत्ता व्यवस्था और इनके प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।

एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सा उपकरणों का मानकीकरण मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहद जरूरी है. उपकरणों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने से इलाज की गुणवत्ता बेहतर होगी और मरीजों का भरोसा भी मजबूत होगा।

कार्यक्रम में एम्स पटना की डीन (एकेडमिक्स) प्रो. (डॉ.) पूनम प्रसाद भदानी, डीन (रिसर्च) प्रो. (डॉ.) संजय पांडेय, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) प्रशांत कुमार सिंह, बीआईएस के मेडिकल इक्विपमेंट एंड हॉस्पिटल डिवाइसेज विभाग के निदेशक एवं प्रमुख सुमित सेंगर तथा एम्स पटना के फार्माकोलॉजी विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर एवं प्रमुख डॉ. प्रमोद कुमार मांझी मौजूद रहे।

सुमित सेंगर ने कहा कि चिकित्सा उपकरणों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मानकों की महत्वपूर्ण भूमिका है. मानक निर्धारण करने वाली संस्थाओं और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय तथा उपकरणों की प्रभावी निगरानी से चिकित्सा तकनीक के प्रति भरोसा बढ़ाया जा सकता है।

संगोष्ठी में बीआईएस के कार्तिक रेड्डी ने राष्ट्रीय गुणवत्ता व्यवस्था और मानकीकरण में बीआईएस की भूमिका पर प्रस्तुति दी. एनआईपीईआर हाजीपुर के आईपीसी-एमवीपीआई के आरटीसी समन्वयक डॉ. समीर धींगरा ने चिकित्सा उपकरणों और इन-विट्रो डायग्नोस्टिक डिवाइस की सुरक्षा निगरानी पर चर्चा की. उन्होंने संभावित जोखिमों की पहचान और उपकरणों की लगातार निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया. बीआईएस के एमएचडी विभाग के पवन कुमार ने मानक निर्धारण की प्रक्रिया और विभाग की भूमिका की जानकारी दी।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘बीआईएस स्नैप और मरीजों की सुरक्षा के क्षेत्रीय अनुभवों से मिली सीख’ विषय पर पैनल चर्चा रही. इसका संचालन बीआईएस के कार्तिक रेड्डी ने किया. चर्चा में एम्स पटना के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं प्रमुख डॉ. संजीव कुमार, ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रोफेसर एवं प्रमुख डॉ. अनूप कुमार, कार्डियोलॉजी विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर एवं प्रमुख डॉ. अनुपम भंभानी और कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग की अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. प्रगति कपूर ने हिस्सा लिया. विशेषज्ञों ने मरीजों की सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक अनुभव और चिकित्सा सेवाओं में गुणवत्ता मानकों की उपयोगिता साझा की।

Related posts

टीबी का इलाज पूरा होने के बाद भी हर चार में से तीन मरीजों को सांस संबंधी परेशानी : एम्स पटना का अध्ययन

छपरा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने नवप्रवेशित छात्रों का बढ़ाया उत्साह

महावीर मन्दिर में आज मनायी जाएगी देवोत्थान एकादशी