बिहार

गौरीचक में हथियारों का सौदा! तीन गिरफ्तार, पिस्टल-देसी कट्टा और गोलियों का जखीरा बरामद!

फुलवारीशरीफ, अजीत। गौरीचक बाजार में हथियारों की खरीद-बिक्री के गुप्त कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. बाजार के एक मकान में छापेमारी कर पुलिस ने तीन युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया. तलाशी में एक पिस्टल, मैगजीन, लोडेड देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 23 अन्य गोलियां और 23 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं. हथियारों की इतनी बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गौरीचक में चल रहा यह अवैध कारोबार किन लोगों तक फैला है और हथियारों की खेप कहां से पहुंच रही थी।

डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार के नेतृत्व में गौरीचक थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के बाद बाजार स्थित मकान को घेरकर कार्रवाई की. पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद तीन युवकों को दबोच लिया गया. तलाशी के दौरान हथियार और गोलियां मिलने के बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गयी।

तीनों की पहचान गौरी, कुमार दीपक और सूरज के रूप में हुई है. पुलिस का दावा है कि तीनों अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े थे. अब तक कितनी हथियारों की खेप मंगायी गयी, किससे खरीदी जाती थी और किन लोगों को बेची जाती थी, इन सवालों के जवाब पुलिस पूछताछ में तलाश रही है।

23 हजार रुपये भी मिले

पुलिस को तलाशी के दौरान हथियारों के साथ 23 हजार रुपये नकद भी मिले हैं. पुलिस इस रकम के स्रोत और इसके हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े होने की जांच कर रही है. बरामद मोबाइल फोन और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

सप्लायर तक पहुंचने में जुटी पुलिस

तीनों युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का अगला निशाना हथियार सप्लाई करने वाला गिरोह है. पुलिस यह पता लगा रही है कि पिस्टल और देसी कट्टा कहां से लाया गया था. इसके अलावा हथियारों के खरीदारों और इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच तेज कर दी गयी है।

डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार ने बताया कि तीनों युवकों को अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Related posts

टीबी का इलाज पूरा होने के बाद भी हर चार में से तीन मरीजों को सांस संबंधी परेशानी : एम्स पटना का अध्ययन

छपरा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने नवप्रवेशित छात्रों का बढ़ाया उत्साह

महावीर मन्दिर में आज मनायी जाएगी देवोत्थान एकादशी