बिहार

बैरिया-कछुआरा मार्ग की बदहाली पर पीएमओ को शिकायत, दो दशक से सड़क निर्माण का इंतजार

फुलवारीशरीफ, अजीत। संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के बैरिया-कछुआरा मार्ग की जर्जर और बदहाल स्थिति अब प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गई है. स्थानीय इलाके में इसी मार्ग में रहने वाले प्रख्यात शिक्षाविद सह पर्यावरणविद्, प्रेमलोक मिशन स्कूल के निदेशक एवं राष्ट्रीय लोकहीत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुदेव श्री प्रेम ने 20 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायती पत्र भेजकर सड़क की स्थिति से अवगत कराया है. उन्होंने कहा कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन लंबे समय से सड़क की हालत ऐसी है कि लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.इस पत्र के जवाब में पीएमओ से गुरुदेव श्री प्रेम को कॉल करके आश्वस्त किया गया है कि जल्द ही इस गंभीर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

गुरुदेव श्री प्रेम ने आरोप लगाया कि बैरिया-कछुआरा सड़क के निर्माण की मांग को लेकर इससे पहले भी प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क किया गया था, लेकिन आश्वासन के अलावा कोई ठोस समाधान नहीं हुआ. उनका कहना है कि करीब दो दशक से यह इलाका जनप्रतिनिधियों के आश्वासन सुनता आ रहा है, लेकिन सड़क निर्माण का काम अब तक पूरा नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाली को लेकर नाराजगी जताई थी. उस समय स्थानीय सांसद रविशंकर प्रसाद की ओर से भरोसा दिया गया था कि चुनाव के बाद सड़क निर्माण का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा. लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि यह सड़क एनडीए के प्रभाव वाले क्षेत्र में आती है और यहां से भाजपा के सांसद रविशंकर प्रसाद तथा राजद विधायक रामानंद यादव जैसे जनप्रतिनिधि जुड़े हैं. इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होना गंभीर सवाल खड़ा करता है. उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री के नाम और नेतृत्व पर जनता भरोसा करके सांसद चुनती है, तो प्रधानमंत्री को भी अपने सांसद से यह पूछना चाहिए कि उनके क्षेत्र की इतनी महत्वपूर्ण सड़क वर्षों से क्यों बदहाल पड़ी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय से मांग की है कि शिकायत को संबंधित विभाग और उच्च अधिकारियों तक भेजकर बैरिया-कछुआरा मार्ग के निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई कराई जाए. साथ ही सड़क की वर्तमान स्थिति की जांच कर निर्माण के लिए समयबद्ध पहल की जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जर्जर हिस्से होने के कारण पैदल यात्रियों के साथ बाइक, ऑटो और अन्य वाहनों को भी आवागमन में परेशानी होती है. बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है. लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग उठती रही है, लेकिन हर बार आश्वासन के बाद मामला आगे नहीं बढ़ पाता।

गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा. प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचाने का उद्देश्य यही है कि संबंधित विभाग सड़क की वास्तविक स्थिति का संज्ञान लेकर निर्माण कार्य शुरू कराए और बैरिया-कछुआरा मार्ग से गुजरने वाले लोगों को वर्षों से चली आ रही परेशानी से निजात मिले।

Related posts

अनुत्तीर्ण छात्राओं को पुन : परीक्षा की तैयारी में सहयोग हेतु बैठक आयोजित

एस.डी.वी. पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया ग्रैंडपेरेंट्स डे

शेखपुरा में मंदिर की ओर नाली का पानी बहाने को लेकर विवाद, ग्रामीणों में नाराजगी

error: