बिहार

कई दिनों बाद पुनपुन नदी पुल से गुजरी गया-पटना सवारी ट्रेन, यात्रियों में खुशी

फुलवारीशरीफ, अजीत। पुनपुन नदी का जलस्तर घटने के बाद कई दिनों से बाधित गया-पटना रेल सेवा मंगलवार की शाम धीरे-धीरे पटरी पर लौटती नजर आई. गया से पटना जाने वाली यात्रियों से भरी एक सवारी ट्रेन मंगलवार शाम करीब 6 बजकर 54 मिनट पर पुनपुन नदी के रेल पुल से गुजरी. ट्रेन को पुल से गुजरते देखा यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

रेलवे कर्मियों के अनुसार नदी का पानी कम होने और रेल पुल पर स्थिति में सुधार के बाद डाउन लाइन से सवारी ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया. सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को पुनपुन नदी पुल पर काफी धीमी गति से चलाया गया. करीब एक मिनट बाद ट्रेन सुरक्षित पुल पार कर गई, जिसके बाद चालक ने गति बढ़ाई और ट्रेन पटना जंक्शन की ओर रवाना हो गई।

पिछले कई दिनों से पुनपुन नदी के उफान के कारण पटना-गया रेलखंड पर परिचालन बुरी तरह प्रभावित था. जलस्तर बढ़ने के कारण गया-पटना के बीच चलने वाली कई सवारी ट्रेनों समेत अन्य ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था. वहीं कुछ ट्रेनों का परिचालन दूसरे रेल मार्गों से कराया जा रहा था।

मंगलवार को नदी का पानी कम होने के बाद गया से पटना पहुंची सवारी ट्रेन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी. कई दिनों से रेल सेवा प्रभावित रहने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ट्रेन के पुनपुन नदी पुल को सुरक्षित पार करने के बाद यात्रियों में सामान्य रेल परिचालन बहाल होने की उम्मीद जगी है।

Related posts

बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं

पटना पुलिस ने आपराधिक घटना की साजिश की विफल, हथियार के साथ तीन गिरफ्तार; एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध

मानदेय समेत मांगों को लेकर रसोइयों ने प्रखंड कार्यालय पर किया प्रदर्शन

error: