फुलवारीशरीफ, अजीत। पुनपुन नदी में नहाने की खुशी सोमवार की शाम एक परिवार के लिए मातम में बदल गई. गौरीचक-अलावलपुर मार्ग के समीप नदी में नहाने उतरे दो बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन करीब 16 वर्षीय प्रियांशु कुमार का कोई पता नहीं चल सका.माता पिता सहित पूरे परिवार के लोगों का रो रो कर बुरा हाल हो रहा है इनका कहना है कि प्रियांशु को दोस्तों ने बुलाकर नहाने के लिए ले गया और जानबूझकर डुबो दिया है ,फिलहाल पुलिस परिवार के आरोपों की भी जांच पड़ताल कर रही है।
प्रियांशु गौरीचक थाना क्षेत्र के रामगंज में पंजाब नेशनल बैंक के समीप किराए के मकान में परिवार के साथ रहता है. बताया जाता है कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग है. सोमवार की शाम करीब साढ़े चार बजे वह घर से निकला था. दोस्तों के साथ पुनपुन नदी पहुंचने के बाद सभी नहाने लगे. इसी दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे।
एक बच्चे को ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया, लेकिन प्रियांशु पानी में समा गया. घटना की खबर मिलते ही उसके परिजन नदी किनारे पहुंच गए. देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. देर रात तक लोग टॉर्च की रोशनी और अपने स्तर से नदी के आसपास प्रियांशु को खोजते रहे. अंधेरा बढ़ने के कारण रात में एसडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी।
सुबह फिर शुरू हुआ तलाशी अभियान…..
मंगलवार सुबह करीब सात बजे एसडीआरएफ की टीम नदी पर पहुंची और मोटरबोट व अन्य संसाधनों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया. टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है. गौरीचक थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रहकर बचाव अभियान की निगरानी कर रही है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रियांशु का कोई सुराग नहीं मिला था।
दस वर्षों से किराए के मकान में रह रहा परिवार-
प्रियांशु का परिवार पिछले करीब दस वर्षों से गौरीचक के रामगंज में रह रहा है. परिवार मूल रूप से वैशाली जिले के हाजीपुर क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है. घटना के बाद से घर में चीख-पुकार मची है. मां-बाप और अन्य परिजन नदी की ओर टकटकी लगाए हुए हैं. हर बार जब एसडीआरएफ की टीम नदी में उतरती है, परिजनों की उम्मीदें भी उसके साथ पानी में उतरती हैं कि शायद अगली तलाश में उनका प्रियांशु मिल जाए। घटना के बाद पूरे इलाके में गम का माहौल है. ग्रामीण भी तलाशी अभियान में मदद कर रहे हैं और प्रियांशु के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
