बिहार

मगध केवल एक भू-खंड का नाम नहीं, अपितु भारत की गौरवशाली इतिहास : विकास वैभव

गया, (न्यूज़ क्राइम 24) जी में आयोजित ‘मगध टॉक’ में अपने विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा कि मगध’ केवल एक भू-खंड का नाम नहीं अपितु भारत की समृद्ध सभ्यता, गौरवशाली इतिहास और उज्ज्वल भविष्य की असीम संभावनाओं का प्रतीक है । मगध स्मरण कराता है हमारे पूर्वजों की बृहद् दृष्टि का; ज्ञान एवं शौर्य के साथ सत्य, करुणा और अहिंसा की प्रबल अभिव्यक्ति का; तथा जाति, संप्रदाय और अन्य भेदों से ऊपर उठकर व्यक्तियों को जोड़ते हुए अखंड भारत के विशाल साम्राज्य एवं विश्वविख्यात प्राचीन विश्वविद्यालयों की स्थापना करने वाली उस उदात्त संस्कृति का, जिसने विश्व को नई दिशा प्रदान की ।

आगे कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए विकसित बिहार का निर्माण अपरिहार्य है । ऐसा बिहार, जहाँ शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के लिए किसी को राज्य से बाहर जाने की विवशता न हो । यह लक्ष्य चुनौतीपूर्ण अवश्य है, परंतु असंभव नहीं ! आवश्यकता है कि हम जाति, संप्रदाय, लिंगभेद एवं अन्य संकीर्णताओं से ऊपर उठकर शिक्षा, समता और उद्यमिता के विकास हेतु अपनी सकारात्मक ऊर्जा को राष्ट्रहित में समर्पित करें ।हमें स्मरण रखना होगा कि हम उन्हीं यशस्वी पूर्वजों के वंशज हैं, जिन्होंने उस कालखंड में विशाल साम्राज्यों और विश्वविख्यात विश्वविद्यालयों की स्थापना की, जब न आज की भाँति विकसित परिवहन के साधन थे,न आधुनिक सूचना तंत्र और न ही उन्नत प्रौद्योगिकी।जब हमारे पूर्वज सीमित संसाधनों में इतिहास रच सकते थे, तो आज हम अपनी सामूहिक क्षमता से एक नया इतिहास क्यों नहीं रच सकते ?

वस्तुतः आवश्यकता अपनी नैसर्गिक ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य के सार्थक उपयोग की दिशा पर आत्मचिंतन करने की है।बिहार में शिक्षा के व्यापक प्रसार, ज्ञान एवं कौशल के उन्नयन और उद्यमिता की क्रांति के माध्यम से ही रोजगार के नए अवसरों का सृजन किया जा सकता है ।

इस अवसर पर LetsInspireBihar अभियान के संदेशों एवं इससे जुड़े सदस्यों के स्वैच्छिक योगदान की चर्चा करते हुए मैंने सभी से आह्वान किया कि आइए, जाति एवं संप्रदाय जैसी संकीर्णताओं से ऊपर उठकर शिक्षा, समता और उद्यमिता (3Es) के विकास हेतु अपना सकारात्मक योगदान समर्पित करें और एक ऐसे बिहार के निर्माण में सहभागी बनें, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले

गौरवशाली अतीत हमारी प्रेरणा है, वर्तमान हमारे प्रयासों की भूमि और विकसित बिहार हमारा सामूहिक संकल्प।

Related posts

प्रो. डॉ. मनोज कुमार को छोटी पटनदेवी के पुजारी ने किया सम्मानित

कोरोनाकाल की याद के साथ रिश्तों का संदेश दे गई बोध

उर्दू गजल अदब की आबरू है : कुलसचिव