दानापुर, आनंद मोहन : बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बाइक सवार 20 वर्षीय छात्र की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना दानापुर थाना क्षेत्र के खरंजा रोड़ न्यू ताराचक स्थित झपटिया मंदिर के पास की है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल और तीन गोली बरामद की है। मृतक की पहचान झपटिया मंदिर निवासी प्रमोद राय के 20 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार उर्फ किट्टू के रूप में हुई है। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि गोली से घायल युवक को गंभीर रूप से घायल रोशन को परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन शव को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे रोशन अपने भाई बिट्टू से बाइक की चाबी लेकर घर से निकला था। घर से कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगने से रोशन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान एक युवक ने परिजनों को सूचना दी कि रोशन को गोली मार दी गई है और वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पैदल ही फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल रोशन को अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि रोशन गणेशदत्त मेमोरियल कॉलेज में पढ़ाई करता था। घटना की सूचना मिलते ही दानापुर सहायक पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार, दानापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल बरामद की है, जिसमें फंसी तीन गोलियां निकाली गई हैं। 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आसपास लगे हुए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
