पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) प्रबुद्धजन समिति, पटना सिटी की ओर से “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान” के तहत प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह पटना साहिब विधायक रत्नेश कुशवाहा ने उपस्थित प्रबुद्धजनों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और वोट चोरी के मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस गोष्ठी के माध्यम से लोगों के सामने अपनी बात रखकर उन्हें वास्तविक तथ्यों से अवगत कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
विधायक ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में यह प्रक्रिया पहले भी कई बार हो चुकी है और यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है।
गोष्ठी में प्रख्यात चिकित्सक डॉ. शाह अद्वैत कृष्ण, भाजपा पटना महानगर के जिलाध्यक्ष रूपनारायण मेहता, जिला प्रभारी प्रेम रंजन चतुर्वेदी, प्रो. दिनेश पटेल, वरिष्ठ समाजसेवी शशि शेखर रस्तोगी, पटना सिटी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन सिन्हा, पाटलिपुत्र परिषद के अध्यक्ष डॉ. त्रिलोकी प्रसाद गोलवारा, रेडक्रॉस पटना सिटी के चेयरमैन गोविन्द कनौडिया, शिक्षाविद् मोहन चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा संजीव यादव, डॉ. प्रवीण साहू, प्रो. संजय श्रीवास्तव, नितिन कुमार रिंकू, सुरेश सिंह पटेल, सरोज जायसवाल, बलराम सिंह, अर्जुन पासवान और राजेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजनों ने कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
