पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) प्रख्यात पत्रकार, विचारक, समाजसेवी, SIS के संस्थापक चेयरमैन, जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रवीन्द्र किशोर सिन्हा के निधन पर पटना साहिब के विधायक सह बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक रत्नेश कुशवाहा ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि डॉ. सिन्हा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाला है। उनका संपूर्ण जीवन पत्रकारिता की गरिमा, राष्ट्रहित, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉ. सिन्हा ने अपनी लेखनी, विचारों और कर्मठ व्यक्तित्व के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका निधन पत्रकारिता जगत, सामाजिक क्षेत्र और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके विचार, आदर्श और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
विधायक ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों, शुभचिंतकों और उनके असंख्य प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
