पानीपत, धर्मवीर पंडित : शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए प्रस्तावित मिनी बायपास निर्माण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह से सख्त और एक्शन मोड में नजर आ रहा है। परियोजना के आड़े आ रहे अवैध निर्माणों और स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर डॉ. पंकज यादव खुद प्रशासनिक अमले के साथ धरातल पर उतरे। उन्होंने छोटू राम चौक स्थित ड्रेन का दौरा कर अवैध रूप से बने मकानों, दुकानों और फैक्ट्रियों के कब्जों की निशानदेही करवाई और कब्जाधारियों को 15 दिनों के भीतर खुद ही अतिक्रमण हटाने की अंतिम चेतावनी दी है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचे कमिश्नर
मिनी बायपास के मार्ग में आ रही बाधाओं और स्थानीय निवासियों के विरोध की स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर निगम कमिश्नर डॉ. पंकज यादव विशेष रूप से छोटू राम चौक स्थित ड्रेन पर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ स्थानीय पार्षद, मेयर पति तथा नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों की पूरी टीम मौजूद रही। मौके पर भारी प्रशासनिक लवाजमे को देखकर आसपास के व्यापारियों और निवासियों में हड़कंप मच गया।
मशीनों से हुई निशानदेही, दीवारों पर लिखा गया अवैध कब्जा
कमिश्नर की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने ड्रेन और आसपास की सरकारी जमीन पर बनी दुकानों, मकानों तथा फैक्ट्रियों के अवैध हिस्सों को चिन्हित करने का काम शुरू किया। आधुनिक मशीनों और पैमाइश के उपकरणों के जरिए ड्रेन की वास्तविक चौड़ाई और उस पर किए गए अतिक्रमण की सटीक निशानदेही करवाई गई। इसके साथ ही, जिन संरचनाओं का हिस्सा सरकारी जमीन में आ रहा है, बकायदा उनकी दीवारों पर लाल रंग से निशान लगाए गए और कब्जा की गई जमीन का विवरण लिखा गया, ताकि किसी भी तरह के भ्रम की गुंजाइश न रहे।
एक-एक इंच जमीन मुक्त कराएंगे, 15 दिनों का मौका
निरीक्षण के दौरान नगर निगम कमिश्नर डॉ. पंकज यादव ने सख्त लहजे में साफ कर दिया कि सरकार की एक-एक इंच जमीन को हर हालत में कब्जा मुक्त करवाया जाएगा। मिनी बायपास शहर के विकास और आम जनता की सुविधा से जुड़ा एक बेहद महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमिश्नर ने आम जनता से अपील करते हुए कहा, हम लोगों को 15 दिनों की मोहलत दे रहे हैं। हमारा निवेदन है कि लोग इस अवधि के भीतर सरकारी जमीन पर किए गए अपने कब्जों को खुद ही खाली कर दें।
यदि जनता स्वयं अतिक्रमण हटा लेती है, तो उनका आर्थिक और निर्माण संबंधी नुकसान बहुत कम होगा। लेकिन यदि 15 दिन बाद प्रशासन का पीला पंजा (बुलडोजर) चला, तो फिर किसी भी तरह का नुकसान होने पर किसी की कोई सुनवाई नहीं की जाएगी।शहरवासियों के लिए राहत बनेगा मिनी बायपास।गौरतलब है कि छोटू राम चौक ड्रेन के साथ बनने वाला यह मिनी बायपास पानीपत शहर के आंतरिक यातायात को गति देने में मील का पत्थर साबित होगा। ड्रेन के दोनों तरफ अवैध निर्माण होने के कारण सड़क चौड़ीकरण का काम लंबे समय से अटका हुआ था। प्रशासन के इस कड़े रुख से साफ है कि आने वाले दिनों में छोटू राम चौक क्षेत्र में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
