गुरुग्राम, सुशीला देवी : सेक्टर-83 में देर रात शराब के नशे में धुत स्कॉर्पियो ड्राइवर ने रॉन्ग साइड में गाड़ी दौड़ाकर करीब पांच वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं और कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं। इसके बाद एक पीड़ित युवती ने ड्राइवर को थप्पड़ मार दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस मौके पर पहुंची थी, हालांकि खेड़की दौला थाना पुलिस से मामले की आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी।
काफी देर तक मौके पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चला, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल रहा है। इस बारे में खेड़की दौला थाने में संपर्क किया गया, लेकिन अधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रात को पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।
सड़क पर रॉन्ग साइड दौड़ाई कार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी सेक्टर-83 की मुख्य सड़क पर बेहद तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रही थी। ड्राइवर का गाड़ी पर कोई नियंत्रण नहीं था। देखते ही देखते उसने सड़क पर जा रही और किनारे खड़ी लगभग पांच गाड़ियों को टक्कर मार दी।
लड़खड़ा रहा था आरोपी
टक्कर मारने के बाद जब स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त होकर रुक गई, तो राहगीरों ने गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। जब लोगों ने ड्राइवर को बाहर निकालने का प्रयास किया, तो अंदर का नजारा देखकर वे दंग रह गए। ड्राइवर अत्यधिक नशे में लग रहा था। हालत यह थी कि वह न तो खुद से गाड़ी का दरवाजा खोल पा रहा था और न ही उससे नीचे उतरा जा रहा था। बाहर आने के बाद भी वह नशे के कारण सीधा खड़ा नहीं हो पा रहा था और बार-बार लड़खड़ा रहा था।
गुस्साई युवती ने जड़े थप्पड़
इस हादसे का शिकार बनी एक कार सवार युवती का गुस्सा ड्राइवर की हालत देखकर बढ़ गया। युवती और उसकी गाड़ी भी इस लापरवाही का शिकार हुई थी। जैसे ही ड्राइवर लड़खड़ाते हुए गाड़ी से बाहर आया, बेहद गुस्से में आई युवती ने उस पर थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। युवती ने उसे थप्पड़ मारते हुए जमकर खरी-खोटी सुनाई और उस पर सड़क पर मासूम लोगों की जान खतरे में डालने का आरोप लगाया। मौके पर मौजूद भीड़ ने युवती के इस कदम का समर्थन किया, हालांकि कुछ लोगों ने मामला ज्यादा बिगड़ते देख बीच-बचाव करने की कोशिश की।
‘डायल 112’ कॉल का प्रयास
हादसे और हंगामे के बीच जब लोगों ने पुलिस को सूचना देने के लिए आपातकालीन नंबर ‘डायल 112’ पर कॉल मिलाया, तो फोन नहीं लगा। यहां मोबाइल नेटवर्क में दिक्कत होने के कारण बार-बार प्रयास करने के बाद भी पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क नहीं हो सका। हालांकि बाद में पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सड़क पर चले इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे और थप्पड़बाजी की घटना को मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया। वीडियो में ड्राइवर की बदहवास हालत और युवती द्वारा उसे थप्पड़ मारना साफ देखा जा सकता है। हालांकि बाद में लड़की की रिक्वेस्ट पर कई सोशल मीडिया क्रिएटरों ने वीडियो डिलीट कर दिया।
