उत्तरप्रदेश

सरयू की रेत पर मधुरेंद्र का विश्व कीर्तिमान 220 टन बालू से बनाया 58 फीट लंबा राम दरबार

यूपी, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना रेत के जादूगर कहे जाने वाले अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार की अंगुलियां जब रेत पर चलती हैं, तो बेजान रेत भी मानो बोल उठती है। उनकी इसी अद्भुत कला का नजारा उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव 2026 के दौरान देखने को मिला। सरयू नदी के तट पर स्थित राम कथा पार्क में मधुरेंद्र कुमार ने अपने चार सहयोगियों के साथ मिलकर लगभग 220 टन सरयू नदी की बालू से 58 फीट लंबा और 20 फीट ऊंचा भव्य दिव्य राम दरबार, राम मंदिर एवं हनुमगढ़ी मंदिर की विशाल रेत कलाकृति तैयार कर एक अनूठी कलात्मक उपलब्धि हासिल की।

30 अक्टूबर से शुरू हुआ यह निर्माण कार्य लगातार सात दिनों की कठिन मेहनत, बारीक कलात्मक तकनीक और अद्भुत रचनात्मक कल्पनाशीलता के बाद 7 नवंबर को पूरा हुआ। विश्व शांति, मानवता, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देती इस विशाल कलाकृति को आयोजकों एवं कलाकार की ओर से अपनी तरह की पहली और विश्व की सबसे लंबी रेत निर्मित राम दरबार कलाकृति बताया गया है।

दीपोत्सव 2026 के भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मधुरेंद्र कुमार की इस अद्भुत कलाकृति का अवलोकन कर सराहना की। उपराष्ट्रपति ने कलाकार की कला की प्रशंसा करते हुए ‘वेल डन’ कहा। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कलाकृति की सराहना करते हुए कहा कि अयोध्या में सृजित ऐसी ऐतिहासिक कला को अयोध्या कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने मधुरेंद्र कुमार को विश्व रिकॉर्ड में उपलब्धि दर्ज होने पर बधाई भी दी।

बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई ऐतिहासिक उपलब्धि

मधुरेंद्र कुमार ने अयोध्या में 58 फीट लंबी राम दरबार एवं राम मंदिर की विशाल रेत कलाकृति तैयार करने की सूचना 30 अक्टूबर 2026 को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड तथा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भेजी थी। इसके बाद 7 नवंबर 2026 को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से ईमेल के माध्यम से स्वीकृति प्रदान की गई। रिकॉर्ड प्रमाणन संख्या IND/2026/001810 के अंतर्गत 7 नवंबर 2026 को इस उपलब्धि को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया तथा कलाकार को डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।

गौरतलब है कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भी इसकी सूचना भेजी गई है। हालांकि, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की स्वतंत्र पुष्टि एवं प्रमाणन की प्रक्रिया अलग है।

यह विशाल रेत कलाकृति उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के आमंत्रण पर अयोध्या दीपोत्सव 2026 के अवसर पर तैयार की गई थी।

बहुआयामी कला के धनी हैं मधुरेंद्र कुमार

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से ताल्लुक रखने वाले मधुरेंद्र कुमार की पहचान केवल रेत कलाकार के रूप में ही नहीं, बल्कि बहुआयामी मूर्तिकार एवं सूक्ष्म कला के विशेषज्ञ के रूप में भी है। दशकों से कला साधना में जुटे मधुरेंद्र अब तक रेत, कोयले की राख, मिट्टी, धातु, पत्तियों, फल-सब्जियों, अनाज के दानों तथा पुनर्चक्रण योग्य सामग्रियों से हजारों कलाकृतियों का निर्माण कर चुके हैं।

उनके उपलब्धि विवरण के अनुसार, उन्होंने 5,000 से अधिक रेत एवं कोयले की राख से बनी कलाकृतियां, 4,000 से अधिक मार्बल, ग्रेनाइट, मेटल, तांबा, पीतल और एल्युमिनियम की ठोस मूर्तियां, 21,000 से अधिक पत्तियों पर सूक्ष्म कलाकृतियां, 3,000 से अधिक फल एवं सब्जियों पर नक्काशी, 2,000 से अधिक प्लाईवुड एवं थर्मोकोल की कलाकृतियां तथा 500 से अधिक गेहूं, चावल एवं दाल के दानों से बनी कलाकृतियां तैयार की हैं।

इसके अतिरिक्त खाली बोतलों, पाउच, गुटखा एवं तंबाकू के रैपर, सिगरेट के अवशेष और अन्य अनुपयोगी सामग्रियों से भी कलाकृतियां बनाकर स्वच्छता, पुनर्चक्रण और नशामुक्ति का संदेश दिया है।

25 से अधिक देशों में किया भारत का प्रतिनिधित्व, 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड

मधुरेंद्र कुमार के उपलब्धि विवरण के अनुसार, उन्होंने 25 से अधिक देशों में 75 से अधिक बार विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कला आयोजनों एवं प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्हें 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार तथा 100 से अधिक राष्ट्रीय सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उनके नाम 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज होने का दावा भी किया जाता है।

उनकी प्रमुख रिकॉर्ड उपलब्धियों में सुप्रीम वर्ल्ड रिकॉर्ड टाइटल (2012), यूनाइटेड स्टेट्स ग्लोबल मेरिट रिकॉर्ड (2014), प्रेस्टीजियस बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2019), ओरिएंट बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2022), एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2022), यूरोपियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2023), लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2025), एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2025), यू-एन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2026), यूएसए बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2026), फोर्ब्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2026) और अब बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड (2026) में दर्ज उपलब्धि शामिल है।

अमेरिका की यूनिवर्सिटी से मानद डॉक्टरेट की उपाधि

हाल ही में मधुरेंद्र कुमार को अमेरिका इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (AIU), हॉलीवुड, कैलिफोर्निया (USA) की ओर से रेत कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए Honorary Doctor of Philosophy in Sand Art की मानद उपाधि प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई है। यह उनके कला जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से मिली पहचान

मधुरेंद्र कुमार को तिलका मांझी राष्ट्रीय सम्मान (भागलपुर, 2023), राष्ट्रीय बागवानी महोत्सव सम्मान (पटना, 2025), भारत गौरव सम्मान (नई दिल्ली, 2025), डॉ. भीमराव आंबेडकर राष्ट्रीय सम्मान (नई दिल्ली, 2025), इंडियन आइकॉन अवार्ड (चंडीगढ़, 2025), राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार (नई दिल्ली, 2025), दानवीर कर्ण राष्ट्रीय सम्मान (भागलपुर, 2026), भारतीय गौरव सम्मान (लखनऊ, 2026) तथा राष्ट्रीय कला रत्न सम्मान (नई दिल्ली, 2026) सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।

उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में भूटान का इंटरनेशनल गोल्ड सैंड आर्ट अवार्ड (2014), फ्रांस की विश्व रेत मूर्तिकला चैंपियनशिप (2014), सिंगापुर की सैंड एनीमेशन प्रतियोगिता (2016), जर्मनी का यूएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब (2018), इटली की वर्ल्ड मास्टर सैंड स्कल्प्चर चैंपियनशिप (2018), कोरिया सैंड स्कल्पचर पुरस्कार (2019), नीदरलैंड का डच सैंड स्कल्पचर फेस्टिवल सम्मान (2022), स्पेन एवं रूस की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पुरस्कार (2023), ओमान का मस्कट महोत्सव सम्मान (2024), ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न इंटरनेशनल सैंड स्कल्प्टिंग सम्मान (2024) तथा अमेरिका एवं भूटान के अंतरराष्ट्रीय सम्मान (2025) प्रमुख हैं।

चुनाव आयोग से लेकर स्वच्छता अभियान तक रहे ब्रांड एंबेसडर

मधुरेंद्र कुमार कला के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे निर्वाचन आयोग, भारत सरकार के लोकसभा चुनाव (2019–2020) एवं बिहार विधानसभा चुनाव (2020) के मतदाता जागरूकता अभियान से ब्रांड एंबेसडर के रूप में जुड़े रहे। इसके अतिरिक्त दैनिक भास्कर (2019), ढाका विधानसभा क्षेत्र (2020), स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान (2021–22) तथा सुधा डेयरी (COMFED–VIMUL, 2024) के ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी योगदान दिया। बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक अभियानों के प्रचार-प्रसार में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई है।

कला के माध्यम से समाज और मानवता को संदेश

मधुरेंद्र कुमार की कलाकृतियों का उद्देश्य केवल मनोरंजन या सौंदर्य प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। वे अपनी कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, जल संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति, प्लास्टिक प्रदूषण, सड़क सुरक्षा, मतदाता जागरूकता, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल मजदूरी उन्मूलन, गंगा एवं डॉल्फिन संरक्षण, मानवाधिकार, विश्व शांति और राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रस्तुत करते हैं।धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर भी उनकी विशेष पकड़ है। भगवान बुद्ध, भगवान शिव, श्रीराम, श्रीकृष्ण, मां दुर्गा, मां काली सहित विभिन्न देवी-देवताओं, भारतीय महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों, वैज्ञानिकों, समाज सुधारकों और खेल एवं कला जगत की हस्तियों की कलाकृतियां उन्होंने विभिन्न माध्यमों में तैयार की हैं।

मूर्तिकला में उच्च शिक्षा, कला में निरंतर प्रयोग

मधुरेंद्र कुमार ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी, उत्तर प्रदेश से मूर्तिकला में बीएफए एवं एमएफए की शिक्षा प्राप्त की है। वे रेत, मिट्टी, कोयले की राख, सीमेंट, फाइबर, प्लास्टर ऑफ पेरिस, मोम, तांबा, पीतल, एल्युमिनियम, प्लाईवुड, थर्मोकोल, पत्तियों, फलों, सब्जियों एवं अनाज के दानों सहित अनेक माध्यमों में कला सृजन करते हैं।

अयोध्या की पावन धरती पर 220 टन रेत से निर्मित विशाल राम दरबार एवं राम मंदिर की कलाकृति के माध्यम से मधुरेंद्र कुमार ने एक बार फिर यह साबित करने का प्रयास किया है कि कला की कोई सीमा नहीं होती। सात दिनों की साधना से तैयार यह कलाकृति केवल रेत की मूर्ति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, रचनात्मकता और विश्व शांति के संदेश का प्रतीक बनकर सामने आई है।

Related posts

दीपावली को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, जारी की गईं आग से बचाव की विशेष गाइडलाइन

बदमाशों और पुलिस के बीच हुईं मुठभेड़ दो बदमाशों के पैर में लगी गोली!

छात्राओं के लिए बड़ी पहल : 18 वर्ष की आयु और कक्षा 9 पास करने वाली पात्र बालिकाओं को मिलेगा लैपटॉप