बिहार

राहुल गांधी नीट पर चर्चा से भाग रहे, छात्रों की आड़ में विपक्ष फैला रहा अराजकता : संजय सरावगी‎


पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार नीट और पेपर लीक जैसे गंभीर विषयों पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन राहुल गांधी और पूरा विपक्ष चर्चा से बचकर छात्रों के आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है।

‎उन्होंने कहा कि विपक्ष हताशा, निराशा और कुंठा की राजनीति कर रहा है तथा युवाओं की भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाना चाहता है।

‎संजय सरावगी ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं के समाधान का है। सरकार संसद में जिस नियम के तहत और जितनी देर तक चर्चा करनी हो, उसके लिए पूरी तरह तैयार है। यदि विपक्ष के पास कोई ठोस सुझाव है तो उसे सदन में रखना चाहिए, लेकिन विपक्ष संसद का कामकाज बाधित कर देश का समय बर्बाद कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की मंशा समाधान निकालने की नहीं, बल्कि भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाने की है।

‎उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं छात्रों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाने और मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए जा चुके हैं।

‎ उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में यह सरकार का एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम है।

‎प्रदेश अध्यक्ष ने पुराने दिनों की चर्चा करते हुए कहा कि पेपर लीक कोई नई समस्या नहीं है। कांग्रेस के शासनकाल में भी अनेक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए थे, लेकिन मोदी सरकार ने परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े कानून बनाए हैं। अनेक आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और हाल के समय में तीन महत्वपूर्ण परीक्षाएं सफलतापूर्वक बिना किसी लीक के आयोजित की गई हैं।

‎उन्होंने दावा किया कि यूपीए सरकार के समय शिक्षा का बजट काफी कम था, जबकि आज यह बढ़कर 1.39 लाख करोड़ रुपये हो चुका है। एम्स, आईआईटी, मेडिकल कॉलेजों और उच्च शिक्षा संस्थानों की संख्या तथा सीटों में भी अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिससे लाखों युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

‎संजय सरावगी ने कहा कि विपक्ष की राजनीति अब विचारों और नीतियों की नहीं, बल्कि “अफवाह, अविश्वास और अवसरवाद” की राजनीति बन गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न कोई विज़न है, न कोई समाधान और न ही युवाओं के भविष्य को लेकर कोई सकारात्मक एजेंडा। उनका एकमात्र उद्देश्य हर मुद्दे पर सनसनी फैलाकर राजनीतिक लाभ लेना है।

‎उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि बुधवार को पटना में छात्र आंदोलन की आड़ में सुनियोजित तरीके से हिंसा, तोड़फोड़ और पुलिस तथा भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। मोटे लट्ठों और पत्थरों के साथ पहुंचे लोग छात्र नहीं, बल्कि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त असामाजिक तत्व थे। पुलिस के वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और भाजपा नेताओं के वाहनों पर भी हमला किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर ऐसे लोगों की पहचान कर रही है और सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

‎उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार और देश की जनता विपक्ष की इस अराजक राजनीति को कभी सफल नहीं होने देगी। ‎प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल तथा सह मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार भी उपस्थित रहे।

Related posts

बिहार की बेटियां हुनरमंद होंगी, आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनायेंगी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

बिहार पुलिस में सभी प्रकार की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द, 24 जुलाई से लागू होगा आदेश

‘राष्ट्रवाद और युवा’ विषय पर पीजी छात्रों ने प्रस्तुत किए प्रभावशाली विचार

error: