पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पटना जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। जिले के सभी प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सजगता, सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। सभी थाना अध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्र में पटाखे की अवैध बिक्री एवं अन्य असामाजिक गतिविधि पर भी नजर रखने को कहा गया है
अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश
जिला अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि जिले के सभी अनुमंडलों में स्थित अग्निशमन केंद्रों के फायर टेंडरों में पर्याप्त मात्रा में पानी एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखते हुए उन्हें पूरी तरह तैयार हालत में रखा जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंच सके। इसके अतिरिक्त पोर्टेबल अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता तथा आग से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश
सिविल सर्जन को पटना जिला नियंत्रण कक्ष में कुशल चिकित्सकों की टीम की प्रतिनियुक्ति करने तथा जिला एवं अनुमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्षों में एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी प्रमुख अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों यथा एम्स, पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस, श्री गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल, पटना सिटी सहित अन्य छोटे-बड़े अस्पतालों को किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रखने को कहा गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष जोर
नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि दीपावली के अवसर पर आम नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।
आपातकालीन स्थिति में इन नंबरों पर दें सूचना
किसी भी प्रकार की आकस्मिक घटना अथवा आपात स्थिति में आम नागरिक निम्नलिखित दूरभाष एवं हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दे सकते हैं—
जिला नियंत्रण कक्ष : 0612-2219234
जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष : 0612-2219810
पुलिस नियंत्रण कक्ष मोबाइल : 9031825979
आपातकालीन सहायता : डायल 112
जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है। आम नागरिकों से अपील है कि वे दीपावली का त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं उल्लास के साथ मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचित करें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित एवं खुशहाल दीपावली मनाने में सहयोग करें।
