फुलवारीशरीफ, अजीत। महावीर कैंसर संस्थान में आयोजित दो दिवसीय द्वितीय एएफपीआईकॉन बिहार चैप्टर सम्मेलन 2026 का रविवार को समापन हो गया. सम्मेलन के दूसरे दिन वैज्ञानिक सत्र में दिल्ली, मुंबई सहित बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे विशेषज्ञ फैमिली फिजिशियन ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे अपने उत्कृष्ट कार्यों और अनुभवों को साझा किया। सम्मेलन के आयोजन अध्यक्ष और एकेडमी ऑफ फैमिली फिजिशियंस ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुकुल मिश्रा ने फैमिली फिजिशियन की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि गरीब और असहाय मरीज इलाज के लिए सबसे पहले फैमिली फिजिशियन के पास पहुंचते हैं. ऐसे में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के साथ उनकी सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों को समझना भी जरूरी है.
उन्होंने कैंसर के अंतिम चरण में पहुंच चुके मरीजों के लिए उपशामक चिकित्सा की महत्ता पर प्रकाश डाला. बताया कि जब बीमारी का उपचार संभव नहीं रह जाता, तब उपशामक चिकित्सा के माध्यम से मरीजों की असहनीय पीड़ा को कम कर उन्हें बेहतर जीवन जीने में मदद की जा सकती है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और थायराइड जैसी बीमारियां तेजी से लोगों को अपनी गिरफ्त में ले रही हैं. इनसे बचाव के लिए नियमित दिनचर्या, संतुलित खानपान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी है। वैज्ञानिक सत्र में महावीर कैंसर संस्थान की चिकित्सा निदेशक डॉ. मनीषा सिंह, एसोसिएट निदेशक डॉ. विनिता त्रिवेदी, वरिष्ठ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रीता रानी, डॉ. ऋचा चौहान और डॉ. रश्मि सिन्हा ने भी अपने विचार रखे.
पोस्टर प्रस्तुति में महावीर कैंसर संस्थान के डॉ. आकाश केजरीवाल, डॉ. शुभम शेखर और डॉ. शिव गुंडेलिया को सर्वश्रेष्ठ पोस्टर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मेलन में महावीर कैंसर संस्थान के डॉ. विश्वजीत सान्याल, डॉ. अमित कुमार, डॉ. सी. खंडेलवाल, डॉ. उषा सिंह, डॉ. कुमार राहुल, डॉ. दिवाकर, डॉ. रमन कुमार, डॉ. विश्वंभर कुमार, डॉ. प्रत्युष कुमार, डॉ. यश कुमार वर्धन, डॉ. अभय कुमार और डॉ. सुजीत कुमार सहित बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों चिकित्सकों ने भाग लिया।
