पटना, न्यूज़ क्राइम 24। पटना विमेंस कॉलेज में गुरुवार को स्नातक प्रथम सेमेस्टर की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम का दूसरा दिन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज एंथम से हुई, जिसके बाद छात्राओं को महाविद्यालय के दृष्टिकोण, मिशन और उद्देश्यों से अवगत कराया गया। इतिहास विभागाध्यक्ष एवं सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. सिस्टर सेलीन क्रास्ता ए.सी. ने छात्राओं को महाविद्यालय के आदर्शों, मूल्यों और परंपराओं को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. मंजुला सुशीला और क़ाज़ी बुशरा अहमद द्वारा प्रस्तुत मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। प्राणी विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सुमीत रंजन ने पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरणीय जागरूकता पर व्याख्यान देते हुए छात्राओं से प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया। इसके बाद वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापिका एवं सांस्कृतिक समन्वयक पूजा कुमारी ने महाविद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए छात्राओं को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापिका एवं खेल समन्वयक डॉ. मंजुला सुशीला तथा खेल शिक्षिका क़ाज़ी बुशरा अहमद ने महाविद्यालय में उपलब्ध खेल एवं शारीरिक शिक्षा से जुड़े अवसरों की जानकारी दी। वहीं डॉ. सिस्टर सेलीन क्रास्ता ए.सी. ने संस्थागत सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत संचालित सामाजिक सेवा एवं विस्तार कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा परामर्श सेवाओं के डीन आलोक जॉन ने मानवीय मूल्यों और व्यावसायिक नैतिकता पर अपने विचार रखते हुए छात्राओं को ईमानदारी, सहानुभूति और नैतिक आचरण अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन स्टूडेंट काउंसिल 2026-27 की उप-प्रधान आयुषी आर्या ने किया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की सांस्कृतिक समन्वयकों डॉ. सिस्टर सेलीन क्रास्ता ए.सी. एनाक्षी डे बिस्वास एवं पूजा कुमारी के संयुक्त प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
