बिहार

भैंस के बकाया एक लाख रुपये के विवाद में महिला की हत्या, पति को मारने आई गोली पत्नी को लगी

फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना जिले के पंचरुखिया थाना क्षेत्र के खरपड़ी गांव में भैंस खरीद-बिक्री के बकाया एक लाख रुपये के विवाद ने खूनी रूप ले लिया. गुरुवार की देर रात घर में घुसकर की गई गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मृतका की पहचान खरपड़ी गांव निवासी रानी देवी (45 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार करीब एक वर्ष पहले संजय पासवान ने वीरू पासवान से ढाई लाख रुपये में एक भैंस खरीदी थी. इस सौदे में डेढ़ लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया था, जबकि एक लाख रुपये बकाया था. इसी राशि को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

Advertisements
Ad 1

परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात करीब दो बजे वीरू पासवान अपने दो सहयोगियों के साथ संजय पासवान के घर पहुंचा. वहां उसने बकाया राशि की मांग की. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने हथियार निकालकर संजय पासवान पर गोली चला दी. संजय पासवान तो बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली उनकी पत्नी रानी देवी को जा लगी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में दहशत फैल गई।

घटना के बाद आरोपी वीरू पासवान अपने दोनों साथियों के साथ मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पंचरुखिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला लेनदेन के विवाद में हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है. परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. फरार आरोपी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Related posts

बेला बॉर्डर पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 43 लीटर नेपाली शराब और दो बाइक जब्त!

श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा मंदिर फुलकाहा में मां दुर्गा प्रतिमा का आठवां स्थापना दिवस 25 जून को, तैयारियां जोरों पर

बिहार के आम की मिठास अब दुनिया के बाजारों तक, बामेती में आम महोत्सव-2026 का भव्य आगाज

error: