अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बथनाहा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सामान जब्त किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा के कार्यक्षेत्र “जी” समवाय बेला के अंतर्गत वार्ड संख्या-07 बेला में सीमा स्तंभ संख्या 198 के समीप भारतीय क्षेत्र में लगभग 80 मीटर अंदर विशेष नाका टीम द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान भारत से नेपाल ले जाए जा रहे 235 किलोग्राम चीनी, 350 किलोग्राम धान बीज तथा दो मोटरसाइकिल को जब्त किया गया। इस दौरान एसएसबी जवानों ने एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पंकज कुमार साहू (पिता- राम अवतार साहू), निवासी ग्राम कोशी वार्ड संख्या-01, थाना इनरवा, जिला सुनसरी, नेपाल के रूप में हुई है। एसएसबी इंस्पेक्टर रंजीत मोहन्ता बेला के अनुसार जब्त सामान और गिरफ्तार व्यक्ति को आज आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित कस्टम कार्यालय फारबिसगंज के हवाले कर दिया गया है। इंस्पेक्टर ने कहा सीमा क्षेत्र में तस्करी की रोकथाम को लेकर एसएसबी द्वारा लगातार निगरानी एवं विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एसएसबी की इस कार्रवाई से सीमा पार तस्करी में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।
