बिहार

नवाबगंज अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जमीन पर अतिक्रमण, प्रशासन से हटाने की मांग

अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) नवाबगंज की भूमि एवं भवन के कुछ हिस्सों पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरपतगंज के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने अंचल पदाधिकारी, नरपतगंज को पत्र भेजकर स्वास्थ्य केंद्र परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। 30 मई 2026 को जारी पत्रांक-543 में कहा गया है कि अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नवाबगंज के कुछ कमरों एवं परिसर पर स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके कारण स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों एवं आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।

पत्र में अंचल प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस मामले की सूचना आवश्यक कार्रवाई हेतु फुलकाहा थाना तथा जिला प्रशासन को भी दी गई है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नवाबगंज परिसर में बने भवनों एवं कमरों में कुछ स्थानीय लोगों द्वारा जलावन, मवेशी, गुमटी तथा अन्य सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया गया है। अस्पताल कर्मियों द्वारा कई बार अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया गया, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में कठिनाई हो रही है। इसे देखते हुए अंचल पदाधिकारी नरपतगंज, फुलकाहा थाना एवं जिला पदाधिकारी अररिया को आवेदन देकर स्वास्थ्य केंद्र परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई है। स्वास्थ्य विभाग के इस पत्र के बाद अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावित हो सकती हैं।

Related posts

औरंगाबाद दुष्कर्म मामले की जांच के लिए राजद की छह सदस्यीय समिति कल जाएगी घटनास्थल

उर्वरक की कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस, 330 लाइसेंस रद्द एवं 72 मामलों में प्राथमिकी दर्ज :मंत्री श्री विजय कुमार

गंगा के बढ़ते जलस्तर का सांसद रविशंकर प्रसाद ने किया निरीक्षण

error: