बिहार

बिहार के पहले स्किन बैंक की स्थापना को मंजूरी, एम्स पटना को मिलेंगे 3.07 करोड़ रुपये

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के इलाज को नई मजबूती मिलने जा रही है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने एम्स पटना के बर्न्स सेंटर में बिहार का पहला स्किन बैंक स्थापित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3.07 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह पहल राज्य में आधुनिक बर्न केयर सुविधाओं के विस्तार और गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

भारत में जलने की घटनाएं एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, देश में प्रतिवर्ष लगभग 60 से 70 लाख लोग जलने की घटनाओं से प्रभावित होते हैं। इनमें करीब 1 से 1.5 लाख लोगों की मृत्यु होने का अनुमान है। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के उपचार में समय पर चिकित्सा सुविधा, संक्रमण से बचाव और घावों को उचित तरीके से ढकना बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे मरीजों के लिए स्किन बैंक की उपलब्धता उपचार के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने में मददगार साबित हो सकती है।
प्रस्तावित स्किन बैंक में मानव त्वचा के संग्रह, प्रसंस्करण, संरक्षण और सुरक्षित भंडारण की विशेष व्यवस्था विकसित की जाएगी। मृत्यु के बाद स्वेच्छा से दान की गई त्वचा को निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रियाओं के तहत प्राप्त कर जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जा सकता है। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के लिए मानव त्वचा एक महत्वपूर्ण जैविक ड्रेसिंग का काम करती है। यह जख्मों को अस्थायी रूप से ढकने, शरीर से तरल पदार्थों की कमी रोकने और संक्रमण के खतरे को कम करने में मदद करती है। इससे मरीज के घावों को भरने और आगे के उपचार की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में सहायता मिलती है।

इस परियोजना के तहत स्किन बैंक के लिए विशेष आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी और त्वचा के संग्रह, प्रसंस्करण, संरक्षण तथा भंडारण के लिए आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे। इसके साथ ही त्वचा दान और उसके उपयोग के लिए निर्धारित नियमों के अनुरूप नैतिक एवं सुरक्षित प्रक्रियाएं भी तैयार की जाएंगी। इस पहल की घोषणा मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने इसी वर्ष जुलाई में एम्स पटना के बर्न्स सेंटर के दौरे के दौरान की थी। अब राज्य सरकार से मिली 3.07 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति इस घोषणा को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे बिहार में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को राज्य में ही उन्नत उपचार उपलब्ध कराने की संभावनाएं बढ़ेंगी। एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम और विभागाध्यक्ष डॉ. वीणा कुमारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार के पहले स्किन बैंक की स्थापना राज्य में आधुनिक बर्न केयर सेवाओं को नई दिशा देगी। यह सुविधा बिहार के साथ-साथ पूर्वी भारत के मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
स्किन बैंक की स्थापना से एम्स पटना में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के उपचार की क्षमता और मजबूत होगी। यह पहल न केवल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करेगी, बल्कि त्वचा दान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Related posts

छठ महापर्व और मातृशक्ति पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा नेत्रियों ने कोतवाली थाने में दी शिकायत, FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना द्वारा संविधान दिवस का आयोजन किया गया

उपमुख्यमंत्री-सह-प्रभारी मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न