पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) संविधान के आदर्श केवल पुस्तकों और दस्तावेजों तक सीमित न रहें बल्कि हमारे व्यवहार, कार्यसंस्कृति और जनसेवा में भी दिखाई दें। इसी भावना के साथ एम्स पटना में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों में डॉक्टरों, नर्सों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और उसमें निहित मूल्यों को अपने जीवन एवं कार्यों में आत्मसात करने की शपथ ली।
संस्थान के प्रशासनिक भवन में कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस दौरान उप निदेशक (प्रशासन) नीलोत्पल बल भी उपस्थित रहे। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने शपथ दिलाई। संस्थान के अन्य विभागों में भी विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों में इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
सामूहिक पाठ के दौरान सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि संविधान की वास्तविक शक्ति उसके शब्दों में ही नहीं बल्कि उन मूल्यों को अपनाने और व्यवहार में उतारने में है जिनकी परिकल्पना हमारे संविधान निर्माताओं ने की थी। एक प्रमुख सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थान के रूप में एम्स पटना में इन संवैधानिक मूल्यों की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। मरीजों के साथ समान व्यवहार, प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सम्मान, बिना किसी भेदभाव के स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करना इन्हीं आदर्शों की व्यावहारिक अभिव्यक्ति है।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। इसके निर्माण में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन लगे थे। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। संविधान निर्माण की इसी ऐतिहासिक तिथि की स्मृति में वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
