बिहार

गश्ती के दौरान ASI को मारी गोली DMCH में इलाज जारी

दरभंगा, (न्यूज़ क्राइम 24) जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान गांव के पास गश्ती के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिसमें ASI रणधीर कुमार घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, ASI रणधीर कुमार पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान उजान गांव के पास एक बगीचे के नजदीक अचानक गोली चली, जो उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। गोली पैर को आर-पार कर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) रेफर किया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी सहित पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। SSP ने बताया कि गश्ती के दौरान बगीचे की तरफ से किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली चलाई थी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

वहीं, घटनास्थल पर पहुंची FSL की टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। टेक्निकल सेल की टीम भी जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

Related posts

प्रधानमंत्री के संभावित वैशाली दौरे को लेकर तैयारियां तेज

छठ महापर्व को लेकर गंगा घाटों पर तैयारियां तेज, एसडीओ कशिश बक्शी ने किया निरीक्षण

श्री चैतन्य मंदिर में 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के साथ होगा अन्नकूट महाप्रसाद वितरण