अररिया, रंजीत ठाकुर। “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित सहयोग शिविर के निरीक्षण को लेकर अररिया पहुंचे बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सह अररिया जिला के प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद का मंगलवार देर संध्या स्थानीय विद्या मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
भाजपा फारबिसगंज नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद मिंटू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री को फूलमाला, बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा, जिला उपाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल, भाजपा नेता प्रवीण कुमार सहित कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद थे। वहीं मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र राय, नगर मंत्री विपिन जायसवाल, शिवराम शर्मा, शुभम राय, अंशू आहूजा, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष सच्चिदानंद मेहता, सचिव डॉ. नेहा राज, वार्ड पार्षद बुलबुल यादव एवं जदयू नेता बमबम विश्वास समेत अन्य लोगों ने भी प्रभारी मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना ही सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi देश को विकसित राष्ट्र बनाना चाहते हैं, जबकि मुख्यमंत्री Nitish Kumar बिहार को समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। सहयोग शिविर उसी संकल्प को धरातल पर उतारने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब बिहार के सभी जिलों सहित अररिया में भी प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में अंचल, प्रखंड एवं थाना स्तर से संबंधित जनसमस्याओं का समाधान 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि निर्धारित समय में समाधान नहीं होने पर 31वें दिन संबंधित पदाधिकारी स्वतः निलंबित माने जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने बिहार सरकार द्वारा जारी “सहयोग ई-पोर्टल” एवं हेल्पलाइन नंबर 1100 की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक इन माध्यमों से भी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
