फुलवारीशरीफ, अजित। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर राय चौक के समीप रविवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। मृतका की पहचान मोनिका कुमारी (33) के रूप में हुई है. घटना की जानकारी देते हुए मृतका के पिता उमेश प्रसाद यादव ने बताया कि वे मूल रूप से पटना के गोलघर शिव मंदिर क्षेत्र के निवासी हैं. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी 19 नवंबर 2017 को फुलवारी शरीफ के राय चौक निवासी जितेंद्र कुमार (40) के साथ हुई थी।
परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा सोने की चेन की मांग को लेकर मोनिका को प्रताड़ित किया जाता था. आरोप है कि रविवार देर रात ससुराल पक्ष की ओर से सूचना दी गई कि मोनिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव बेड पर रखा हुआ था, जिसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया. पुलिस ने मृतका के पति जितेंद्र कुमार, ससुर जगदीश यादव, सास कांति देवी एवं ननद मीना कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. घटना को लेकर आसपास के लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि राय चौक के इस कोने वाले इलाके में स्थित आसपास के दो अन्य मकानों में भी पिछले कुछ महीनों के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. लगातार एक ही इलाके में इस तरह की घटनाओं से लोगों के बीच शंका और भय का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
