बिहार

गांधी सरोवर परिसर में दुकान निर्माण पर रोक की मांग, सात सदस्यीय शिष्टमंडल ने सौंपा ज्ञापन

पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना सिटी की हृदयस्थली गांधी सरोवर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे प्रस्तावित दुकान निर्माण कार्य को अविलंब रोकने की मांग को लेकर सात सदस्यीय शिष्टमंडल ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार एवं पर्यटन व कला-संस्कृति मंत्री अरुण शंकर से मिलकर ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल ने बताया कि जिस स्थान पर दर्जनों दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है, वह अव्यावहारिक एवं अप्रासंगिक है। इससे न तो निर्माण का उद्देश्य सिद्ध होगा और न ही स्थानीय लोगों को कोई विशेष लाभ मिलेगा, बल्कि परिसर में कंक्रीट का जंगल खड़ा हो जाएगा। प्रतिनिधियों ने आशंका जताई कि इससे पहले भी निर्माणाधीन दुकानों के निकट बने कैफेटेरिया का उद्देश्य विफल हो चुका है।

Advertisements
Ad 1

शिष्टमंडल के सदस्यों ने कहा कि गांधी सरोवर परिसर एक सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित है, जहां बिहारी हितैषी पुस्तकालय, उर्दू लाइब्रेरी, खानकाह इमादिया, पन्नालाल मुक्ताकाश मंच, राजकीय उच्च विद्यालय, पाटलिपुत्र परिषद, रेड क्रॉस भवन एवं मनोज कमलिया स्टेडियम जैसे महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। ऐसे में यहां स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने की आवश्यकता है, न कि कंक्रीट संरचनाओं के विस्तार की। प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि जहां वर्तमान में दुकान और मार्केट का निर्माण प्रस्तावित है, वहां पहले लोकनायक जयप्रकाश उद्यान स्थित था, जिसमें विभिन्न किस्म के गुलाब लगाए जाते थे। वर्तमान में उस स्थान का उपयोग कार पार्किंग के रूप में किया जा रहा है, जिसका इस्तेमाल शरद पूर्णिमा पर आयोजित राजकीय समारोह कौमुदी महोत्सव, नवाह परायण यज्ञ और बच्चों के टेनिस बॉल क्रिकेट मैच के लिए होता है। शिष्टमंडल में रेड क्रॉस सोसाइटी, पटना सिटी के अध्यक्ष गोविंद कानोडिया, वरीय समाजसेवी-शिक्षाविद विजय कुमार सिंह, शिव प्रसाद मोदी, पूर्व प्राचार्य जयदीप मेहता, गणेश सरावगी, विकास कुमार टिंकू एवं अरुण उपाध्याय शामिल थे।

Related posts

28 लीटर देशी शराब के साथ दो गिरफ्तार!

राजीव नगर में निजी भूखंड पर निर्माण रोकने का आरोप, अलका देवी ने डिप्टी सीएम से की जांच की मांग

इमलीतल फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी रोहन कुमार गिरफ्तार, तीन देशी कट्टा व छह कारतूस बरामद!

error: