पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) सिरदल्ला प्रखंड के बरदाहा में स्वर्गीय सुखदेव प्रसाद यादव की पुण्यतिथि के अवसर पर सर्वोन्मुखी वेलनेस फाउंडेशन की ओर से आयोजित टी.एस. क्विज़ कॉन्टेस्ट 2026 के सफल प्रतिभागियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में चयनित छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे समारोह का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरा रहा।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व सैनिक एवं बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ नवादा जिला अध्यक्ष राजेश कुमार ‘निराला’ ने किया. इस मौके पर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. राजीव रंजन निराला ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा को पहचानने का मजबूत माध्यम हैं. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शैक्षणिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों में ज्ञान, प्रतियोगी भावना और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना रहा. बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार नीति कुमारी, बीपीएम इंटरनेशनल स्कूल सिरदल्ला को 10 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. द्वितीय पुरस्कार सुहानी कुमारी, आनंद क्लासेस को 7 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया गया. वहीं तृतीय पुरस्कार अमित शर्मा, बीपीएम इंटरनेशनल स्कूल सिरदल्ला को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सर्वोन्मुखी वेलनेस फाउंडेशन के अध्यक्ष नंद किशोर ठाकुर ने कहा कि स्व. सुखदेव प्रसाद यादव की पुण्यतिथि पर आयोजित यह प्रतियोगिता शिक्षा के साथ सामाजिक मूल्यों को भी आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है. वहीं संयोजक चंदन सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें सही मंच उपलब्ध कराना है.
संस्था के निदेशक अभिमन्यु कुमार ने बताया कि सर्वोन्मुखी वेलनेस फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. समारोह का समापन स्व. सुखदेव प्रसाद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित कर प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।
