बिहार

छात्रावास, कैंटीन, खेल मैदान, वर्ग कक्ष एवं प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर लिया जायजा : अमृषा बैंस

अरवल, (न्यूज़ क्राइम 24) जिला पदाधिकारी श्रीमती अमृषा बैंस द्वारा आज दिनांक 28 अक्टूबर, 2026 को राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा शिविर में विद्यार्थियों से प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति एवं गुणवत्ता की जाँच की गई।

जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यार्थी सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की गई। विशेष रूप से निष्पादित आवेदनों के संबंध में यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि संबंधित समस्याओं का वास्तविक, प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान हुआ है अथवा नहीं।

आवेदनों के निष्पादन की गुणवत्ता की हुई स्थलीय जाँच

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा आवेदनों में उल्लिखित समस्याओं के अनुरूप संबंधित स्थलों का भौतिक सत्यापन किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आवेदनों का कागजी निष्पादन पर्याप्त नहीं है, बल्कि समस्याओं का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करना आवश्यक है। विद्यार्थियों से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं के निष्पादन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

छात्रावास, कैंटीन एवं खेल मैदान की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिला पदाधिकारी द्वारा राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर स्थित बॉयज हॉस्टल का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के आवासन एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गई। इसके अतिरिक्त छात्रावास की कैंटीन का निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया।

उन्होंने महाविद्यालय के खेल मैदान का भी निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध खेलकूद संबंधी सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।

वर्ग कक्ष एवं प्रयोगशालाओं का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा महाविद्यालय के विभिन्न वर्ग कक्षों एवं प्रायोगिक कक्षों (प्रैक्टिकल लैब) का निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, प्रयोगशालाओं की व्यवस्था तथा पठन-पाठन के वातावरण का जायजा लिया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ प्रयोगात्मक शिक्षा, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता एवं खेलकूद की समुचित सुविधाएँ अत्यंत आवश्यक हैं।

विद्यार्थियों की समस्याओं का वास्तविक समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता

जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, निष्पादित आवेदनों के संबंध में आवश्यक सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थियों को वास्तव में अपेक्षित लाभ एवं सुविधाएँ प्राप्त हुई हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना तथा उनका त्वरित, प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।

सबका सम्मान, जीवन आसान की अवधारणा के अनुरूप जिला प्रशासन, अरवल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ एवं उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related posts

टीबी का इलाज पूरा होने के बाद भी हर चार में से तीन मरीजों को सांस संबंधी परेशानी : एम्स पटना का अध्ययन

छपरा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने नवप्रवेशित छात्रों का बढ़ाया उत्साह

महावीर मन्दिर में आज मनायी जाएगी देवोत्थान एकादशी