फुलवाररीशरीफ, अजीत। 02 से 06 सितंबर तक खानक़ाह मुजीबिया फुलवारी शरीफ में सालाना उर्स व मेला आयोजित किया जाएगा. इसके मद्देनजर खानकाह प्रबंधकों, स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद ने सुरक्षा, व्यवस्थापन और जाएरीन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए बैठक की.
बैठक में खानकाह प्रबंधक मौलाना मिनहाजुद्दीन कादरी, विधायक गोपाल रविदास, एसडीएम पटना गौरव कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष आफताब आलम, थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम, अंचल पदाधिकारी चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में निर्णय लिया गया कि जाएरीन के ठहराव और मूलभूत सुविधाओं के लिए जर्मन टेंट्स लगाई जाएँगी, बिजली की निरंतर आपूर्ति और लाइटिंग सुनिश्चित की जाएगी. इसापुर मोड़ से खानकाह तक मार्ग में कम स्ट्रीट लाइट्स के स्थायी समाधान और परिसर में सोलर लाइट्स की मरम्मत कर उन्हें क्रियाशील किया जाएगा.
पानी और स्वच्छता व्यवस्था के लिए चार शुद्ध पेयजल टैंक लगाए जाएंगे और चार कुओं की सफाई और कीटाणु-शोधन कराया जाएगा. तालाब की सफाई और जलस्तर नियंत्रण के लिए ड्रेनेज और पम्पिंग व्यवस्था की जाएगी. तालाब के आसपास महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम और 20 से अधिक अस्थायी शौचालय बनाए जाएंगे.
सफाईकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि पूरे परिसर और आसपास की सफाई निरंतर की जाए और फ़ॉगिंग समय पर हो। चिकित्सा व्यवस्था में 24×7 डॉक्टर, दवाइयाँ और एम्बुलेंस की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी. रात में भी डॉक्टर उपस्थित रहेंगे और आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन जारी की जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मेले में पुलिस कैम्प लगाया जाएगा, खानकाह मोड़ से इसापुर मार्ग पर पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे और 32 चैनल सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. पुरुष और महिला पुलिस गश्त भी की जाएगी. विशेष दिन 05 सितंबर, 12 रबीउल अव्वल को महिलाओं और पुरुषों की जियारत अलग-अलग समय पर कराई जाएगी. जनान-खाना में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी और भीड़ नियंत्रण के लिए गेट पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी.
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए फुलवारी थाना से इसापुर मार्ग पर पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस तैनात कर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा 04 सितंबर को चादरपोशी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें साहिब-ए-सज्जादा-ए-मुजीबी हजरत खानकाह से दरगाह तशरीफ़ ले जाएंगे. इस दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए अलग रास्ता बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने मिलकर जाएरीन की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक योजना तैयार की।
