बलिया(संजय कुमार तिवारी): विधानसभा चुनाव के लिए मतदान वैसे तो बलिया में छठे चरण यानी तीन मार्च को होगा, लेकिन समाजवादी पार्टी के स्थानीय दिग्गजों ने आभासी जगत का इस्तेमाल अभी से ही करना शुरू कर दिया है। बलिया सदर सीट से सपा के टिकट के दावेदार पूर्व मंत्री नारद राय ने शुक्रवार शाम को ई- चौपाल के जरिए अपनी बात लोगों तक पहुंचाई।
मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल मे मंत्री रहे नारद राय ने कहा कि सपा सरकारों के दौरान प्रदेश के खजाने के मुंह बलिया की ओर रहता है। जिले में सपा सरकार के दौरान स्थापित विश्वविद्यालय और जनेश्वर मिश्र सेतु का जिक्र करते हुए श्री राय ने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता का रिश्ता परिवार की तरह होता है। लेकिन दुख की बात है कि वर्तमान सरकार के जनप्रतिनिधि बलिया की जनता से मुंह मोड़ कर पांच वर्ष कटा दिए। जनता से रिश्ता नहीं निभाया।
कहाकि कोरोना काल में भी लोगों को अपने हाल पर छोड़ दिया गया। उस वक्त ऑक्सीजन के अभाव में लोग मर रहे थे। पयालन का दंश झेलना पड़ा। कहा कि हमने लोगों की घर वापसी में मदद की। इससे पहले भी सरकार में रहने के दौरान चाहे बाढ़ हो या अन्य कोई दैवी आपदा आई तो हम लोगों के साथ खड़े रहे।
श्री राय ने कहा कि 2022 में सपा सरकार बनने पर मुफ्त तीन सौ यूनिट बिजली, किसानों को मुफ्त सिंचाई की सुविधा, दस लाख नौकरी और कर्मचारियों के पुरानी पेंशन की बहाली करने की घोषणा अखिलेश यादव ने कर दी है। हम जो कहते हैं उसे करते हैं। जबकि भाजपा सिर्फ झूठ बोलती है। सरकार आने पर सभी वादे पूरे करेंगे। ई चौपाल में श्रीप्रकाश पाण्डेय मुन्ना, मृत्युंजय राय और जमाल आलम थे। संचालन प्रेमशंकर चतुर्वेदी ने किया।
