पटना, अजित। राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह अपराधियों ने सरेआम दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर जा रहे चाचा-भतीजे को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। गोली लगने से चाचा अनवर मियां की मौत हो गई है। जबकि भतीजा बाल-बाल बच गया।
घटना इमारत शरिया मुख्यालय के सामने उस वक्त हुई जब खलीलपुरा निवासी अनवर मियां अपने भतीजे सीमा के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे. तभी पीछा कर रहे बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें करीब से गोली मार दी. गोली लगते ही उनकी बाइक एक टेंपो से टकरा गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद बदमाशों ने पास जाकर अनवर मियां को दोबारा गोली मार दी और मौके से फरार हो गए.
घायल अनवर मियां को स्थानीय लोगों की मदद से पटना एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनवर मियां हाल ही में जेल से छूटकर आए थे और उनका पारिवारिक जमीन विवाद लंबे समय से चला आ रहा है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस चेकपोस्ट से महज चार कदम की दूरी पर हुई, जहां 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं. इसके बावजूद अपराधी आराम से वारदात कर फरार हो गए।
