फुलवारीशरीफ(अजीत यादव): पटना के राम कृष्णा नगर थाना अंतर्गत आदर्श नगर रोड नंबर 1 में रहने वाले नवल राय के बेटे सन्नी कुमार की गोली मारकर हत्या के बाद जाप सुप्रीमो पप्पू यादव देर रात राम कृष्णा नगर सन्नी के घर पहुंचे. जाप सुप्रीमो को देखते ही सन्नी के परिजन विलाप करने लगे और बताया कि पुलिस पूरे मामले को लड़की के मामले से जोड़कर भटकाना चाहती है .
सनी के परिजनों ने कहा कि हो सकता है कि सन्नी क्रिकेट मैच का सट्टेबाजी खेलता होगा लेकिन रुपए पैसे के लालच में ही जिगरी दोस्त रहे प्रिंस सिंह ने उसकी गोली मारकर हत्या की है. सनी के परिजनों ने पप्पू यादव को बताया कि प्रिंस सिंह रामकृष्ण नगर थाना का मुखबिरी का काम करता है और पुलिस उसे बचाने का काम कर रही है.
सांसद पप्पू यादव के सामने बहन और भाई समेत अन्य परिवार वालों ने रामकृष्ण नगर थाना पुलिस पर इस मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए . सनी के परिजनों ने सांसद पप्पू यादव को बताया कि लड़की का कोई मामला ही नहीं है पूरी तरह बेबुनियाद आरोप है.
सांसद पप्पू यादव ने मृतक सन्नी के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि वरीय पुलिस अधिकारियों से इस मामले में बात करके परिवार को न्याय दिलाने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि जब भी जरूरत पड़ेगी उन्हें परिवार के लोग संपर्क कर सकते हैं. इस मामले में जो भी सच्चाई है उसे हम उजागर कराएंगे और असली हत्यारों को सलाखों तक पहुंचाने का काम करेंगे.
पटना के राम कृष्णा नगर थाना के आदर्श नगर कॉलोनी रोड नंबर 1 में सनी नाम के युवक की गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस अनुसंधान में ही जुटी हुई है. 2 दिनों बाद भी पुलिस इस मामले में एक भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है. वहीं मृतक के परिवार वालों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश का माहौल है .
परिजनों का कहना है कि पुलिस को जब हत्या में शामिल उसके चार पांच दोस्तों के नाम बता दिए गए उसके बावजूद अब तक पुलिस उन लोगों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेज रही है. परिवार वालों का कहना है कि पुलिस नाम बताए गए लड़को में कुछ को हिरासत में लेकर थाना ले गई थी लेकिन उसके बावजूद अब तक उनकी गिरफ्तारी हुई है और ना ही उन्हें बताया जा रहा है कि इस मामले में किन-किन लोगों का हाथ है.
परिजनों ने अभी बताया कि पुलिस का यह कहना है कि किसी लड़की के सामने सन्नी की गोली मारी गई तो उन लोगों को उस लड़की के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि सन्नी की हत्या उसके दोस्तों ने रुपए हड़पने के लालच में ही किया है.
बता दें कि मृतक की बहन और भाई ने पुलिस को यह भी बताया है कि सनी का किन-किन दोस्तों के पास कई कई लाख रुपया बकाया था जिसकी मांग करने पर ही उसकी हत्या कर दी गई. इस पूरे मामले पर राम कृष्णा नगर थाना अध्यक्ष जहांगीर आलम ने बताया कि अनुसंधान चल रहा है. पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है. जल्द ही सनी हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्या में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
