नालंदा, राकेश नालंदा बिहारशरीफ लहेरी थाना क्षेत्र के ब्रह्मस्थान मोहल्ला निवासी पेंटर दिनेश प्रसाद की पुत्री सुमन कुमारी दारोगा परीक्षा में सफल हुई हैं। सुमन ने बताया कि खाकी वर्दी उन्हें बचपन से ही आकर्षित करती थी और उनका सपना था कि वह बड़ी होकर पुलिस पदाधिकारी बनें।
सुमन ने अपने इस सपने को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें कई बार असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करती रहीं। इस बार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने दारोगा परीक्षा पास कर ली।
सुमन ने कहा कि लड़कियों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करनी चाहिए क्योंकि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, लेकिन निरंतर प्रयास से एक दिन जरूर मिलती है। दारोगा की तैयारी के लिए उन्होंने ऑनलाइन कक्षाएं कीं। सुमन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और दोस्तों को दिया। सुमन की इस सफलता पर उनका परिवार गर्व महसूस कर रहा है। पड़ोसियों ने भी सुमन को मिठाई खिलाकर उसकी हौसला अफजाई की। सुमन के पिता पेंटर का काम करते हैं और कम आमदनी के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
