क्राइमबिहार

दो दिनों से लापता युवक का शव पुनपुन नदी से मिला, परिजनों की चीख-पुकार से गूंज उठा मुकीमपुर गांव

फुलवारीशरीफ, अजीत। परसा बाजार थाना क्षेत्र के मुकीमपुर गांव में शुक्रवार को पुनपुन नदी से 22 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद पूरे गांव में मातम छा गया. मृतक की पहचान रोहित कुमार (22), पिता दिना राय, निवासी मुकीमपुर के रूप में हुई है. घटना की पुष्टि परसा बाजार थाना पुलिस ने की है।

बताया जाता है कि ग्रामीणों ने पुनपुन नदी में एक युवक के डूबे होने की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही परसा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार रोहित कुमार पिछले दो दिनों से लापता था. परिजन और गांव के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था. शुक्रवार को नदी से शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों की उम्मीदें भी टूट गईं।

शव बाहर निकलते ही घटनास्थल का माहौल बेहद गमगीन हो गया. जवान बेटे का शव देखते ही मां दहाड़ मारकर विलाप करने लगी, जबकि पिता और अन्य परिजन बदहवास होकर अपना सुध-बुध खो बैठे. परिजन बार-बार बेहोश हो रहे थे. मौके पर मौजूद ग्रामीण उन्हें संभालते रहे और ढांढस बंधाने का प्रयास करते रहे. परिजनों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं. पूरे मुकीमपुर गांव में शोक और मातम का माहौल छा गया।

परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से हुई मौत का प्रतीत होता है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को नदी में दो लोग डूबे थे जिनमें एक डेडबॉडी जाहिदपुर के पास पुनपुन थाना क्षेत्र में भी बरामद हो गया है।

Related posts

एम्स पटना में ‘अवबोधन 2026’ का शुभारंभ, पूर्वी भारत में पहली बार एंडोस्कोपिक स्कल बेस सर्जरी का व्यापक हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण

मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती पर श्रद्धांजलि, साहित्य और संस्कृति का हुआ संगम

रहमानी 30 के छात्र उबेद आलम ने सीएमए नेशनल यूथ कॉमर्स ओलंपियाड में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1

error: